कांग्रेसी पार्षद आशा सारस्वत ने थामा भाजपा का दामन गुटबाजी के चलते छोड़ी कांग्रेस-प्रीत कमल

Politics
Spread the love

हरिद्वार, 6 मार्च। कांग्रेस पार्षदों के पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने का सिलसिला लगातार जारी है। सचिन अग्रवाल, विकास कुमार के बाद शुक्रवार को गोविंदपुरी वार्ड नं.18 की पार्षद आशा सारस्वत भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गयी। खन्ना नगर स्थित नगर विकास मंत्री मदन कौशिक के कार्यालय पर मंत्री प्रतिनिधि मुकेश कौशिक ने आशा सारस्वत व उनके पति प्रीत कमल को फूलमालाएं पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलायी। इस दौरान प्रीत कमल ने कहा कि यह उनकी घर वापसी है। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा कश्मीर से धारा 370 हटाने, राममंदिर निर्माण का रास्ता साफ करने से जैसे कार्यों से प्रभावित होकर वे पुनः भाजपा में शामिल हुए हैं। वे लंबे समय से आरएसएस से जुड़े रहे हैं। बीच में कुछ समय के लिए कांग्रेस में चले गए थे। लेकिन कांग्रेस नेताओं की कार्यशैली व गुटबाजी के चलते कांग्रेस में वे खुद को असहज महसूस कर रहे थे।

कांग्रेस में हावी गुटबाजी के चलते कार्यकर्ताओं को पर्याप्त सम्मान नहीं मिल रहा है। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक की विकासवादी सोच ने भी उन्हें भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है। पार्षद आशा सारस्वत ने कहा कि वार्ड व शहर के विकास में योगदान के लिए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में हरिद्वार के विकास में योगदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा में महिलाओं को पर्याप्त सम्मान मिल रहा है। महिलाओं के अधिकारों को लेकर भाजपा देश भर में सजग नीति से अपने कार्यो को अंजाम दे रही हैं। मंत्री प्रतिनिधि मुकेश कौशिक ने कहा कि पार्षद आशा सारस्वत की घर वापसी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अपने कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं करती है। कांग्रेस में उपेक्षा व भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस पार्षद भाजपा में सम्मिलित हो रहे हैं। सभी को भाजपा मे ंपूरा सम्मान दिया जाएगा।

पार्षद अनिरूद्ध भाटी व राजेश शर्मा ने भाजपा ही कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान देती चली आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रीतकमल की पुनः भाजपा में वापसी होने से कार्यकर्ताओं का मनोबल और मजबूत होगा। भाजपा परिवार लगातार बढ़ रहा है। युवा नेता नरेश शर्मा व विकास तिवारी ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी कार्यकर्ताओं पर भारी पड़ रही है। शीर्ष नेतृत्व कमजोर हो चला है। दिशाहीन कांग्रेस को छोड़कर कार्यकर्ता भाजपा की कार्यशैली व विकास कार्यो से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सभी को भाजपा परिवार में पूरा सम्मान दिया जाएगा। स्वागत करने वालों में राजकुमार, अन्नू कक्कड़, कामिनी सड़ाना, राजेंद्र कटारिया, सुनील गुड्डु, सचिन बेनीवाल, विकास कुमार आदि सहित कई भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

दूसरी और कांग्रेस पार्षद आशा सारस्वत के भाजपा में शामिल होने पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कांग्रेस में गुटबाजी के आरोपों को नकारते हुए कहा कि कहा कि भाजपा हमेशा ही तोड़ने की राजनीति करती है। धनबल, लालच देकर तथा डरा धमकाकर कांग्रेसी पार्षदों को भाजपा में शामिल कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान दिया जा रहा है। आशा सारस्वत व उनके पति प्रीत कमल के जाने से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा। भाजपा के खिलाफ कांग्रेस अपनी लड़ाई जारी रखेगी। 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *