दशहरे पर रामेश्वर आश्रम में की गयी राम दरबार की स्थापना

Haridwar News
Spread the love

कमल खडका


भगवान श्रीराम की कृपा से जल्द दूर होगी कोरोना महामारी-म.म.स्वामी रामेश्वरानंद सरस्वती
हरिद्वार, 15 अक्टूबर। विजयदशमी के अवसर पर सन्यास मार्ग कनखल स्थित रामेश्वर आश्रम के मंदिर में भव्य श्रीराम दरबार की स्थापना कर विधि-विधान के साथ हवन पूजन कर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण व हनुमान जी की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस दौरान मुख्य यजमान के रूप में न्यायाधीश श्रेय गुप्ता परिवार सहित मौजूद रहे। श्रीराम दरबार के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आश्रम के परमाध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी रामेश्वरानन्द सरस्वती महाराज ने कहा कि विश्व कल्याण की भावना से भगवान श्रीराम दरबार की स्थापना की गयी है।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार में सर्वप्रथम रामेश्वर आश्रम में राम मंदिर की स्थापना की गयी है। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दशहरे के अवसर पर मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कर भगवान श्रीराम से देश दुनिया को कोरोना महामारी से मुक्ति प्रदान करने की कामना की गयी। भगवान श्रीराम की कृपा से जल्द ही भारत सहित पूरे विश्व से कोरोना महामारी समाप्त होगी।

मानव कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होने कहा कि दशहरे के पवित्र अवसर पर सभी को भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र को आत्मसात कर आदर्श समाज बनाने का संकल्प लेना चाहिए। आम आदमी पार्टी के हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा प्रभारी नरेश शर्मा ने कहा कि पौराणिक काल से ही पूरे विश्व का मार्गदर्शन करने वाली भारत की महान ऋषि परम्परा और संतों के सानिध्य में ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। इस दौरान पंकज सिंगला, अजय गोयल, विपुल सिंगला, अतुल गर्ग, सज्जन कुमार गर्ग, सुरेश गर्ग आदि ट्रस्टी व श्रद्धालु भक्त मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *