पुल का रास्ता बंद करने पर भड़के व्यापारी

Haridwar News Uttarakhand
Spread the love


दुपहिया वाहन हेतु शीघ्र खोला जाये पुल का रास्ता: संजीव चौधरी
हरिद्वार, 02 मार्च। प्रदेश व्यापार मण्डल उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी के नेतृत्व में व्यापारियों ने हाथी पुल पर दुपहिया वाहनों की आवाजाही रोके जाने पर प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर पुल का रास्ता वाहनों के लिए खोले जाने की मांग की।
प्रदेश व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि दो माह से हाथी पुल के रास्ते को दुपहिया वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है जिसकी वजह से व्यापारियों को अपने दुकानों व घरों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बुजुर्ग महिलाएं, पुरूष व दिव्यांगजनों को भी इससे खासी परेशानी हो रही है। संजीव चौधरी ने कहा कि सुभाष घाट के व्यापारियों अपने प्रतिष्ठानों के लिए कई बार समान भी अपने वाहनों पर लेकर आते हैं ऐसे में दुपहिया वाहन प्रवेश नहीं होने पर व्यापारी बड़ी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बहुत से व्यापारियों के पुल के पार घर भी है। रात-दिन वाहनों से ही उनकी आवाजाही हाथी पुल से ही होती है। उन्हांेने मेला प्रशासन से पुल का रास्ता खोले जाने की मांग की।
जिला अध्यक्ष शिवकुमार कश्यप ने कहा कि दो माह से व्यापारी पुल पर वाहनों की आवाजाही बंद किये जाने से मानसिक रूप से परेशान है। पुल पर तैनात पुलिसकर्मी वाहनों को नहीं जाने देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जबकि पुल पर फड़वाले अपनी दुकानें बदस्तूर चला रहे हैं। रिक्शा वाले भी सुविधा शुल्क देकर बिना रोक-टोक पुल से सवारियां ढो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का भेदभाव पूर्ण नीति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
शहर अध्यक्ष आदेश मारवाड़ी व विशालमूर्ति भट्ट ने चेतावनी देते हुए कहा कि पुल का रास्ता तुरन्त वाहनों के लिए खोला जाये। सुभाष घाट पर लगने वाली वाहनों के पार्किंग के लिए उचित स्थान बनाये जाये जिससे किसी को भी असुविधा न हो। रात-दिन तीर्थयात्री पुल से ही गंगा घाटों पर पहुंचते हैं ऐसे में होटल व्यवसायी व दुकानदारों का रोजगार भी चौपट हो रहे हैं। पर्वों के दौरान पुल पर वाहनों को रोका जाता था लेकिन इस दौरान तो कोई भी पर्व नहीं है। दो माह का पुल का रास्ता रोक दिया गया जो कि सरासर गलत है। व्यापारी संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर इसका हल निकालेंगे।
प्रदर्शन करने वाले व्यापारियों में मुख्य रूप से आदेश मारवाड़ी, सुमित अरोड़ा, हिमांशु शर्मा, शिवकुमार कश्यप, विक्की अरोड़ा, सर्वेश्वर मूर्ति भट्ट, राजू वधान, अनिल ठाकुर, देवेन्द्र शर्मा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *