मजदूरों की सेवा में लगे हैं संत

Dharm
Spread the love

Amrish

हरिद्वार, 28 मार्च। कोरोनावायरस के कारण पूरे देश में लाॅकडाउन के चलते हरिद्वार में भी विभिन्न प्रदेशों से आए मजदूर और अन्य कर्मचारी फंस गए हैं। होटल, दुकानें, ढाबे बंद होने के कारण बेरोजगार हुए इन मजदूरों और कर्मचारियों के पास खाना खाने तक के लिए पैसा नहीं है। शहर में फंसे यह मजदूर दर दर की ठोकरें खा रहे हैं और पैदल ही उत्तराखंड के पौड़ी, टिहरी समेत कई जिलों से पैदल चलकर बिजनौर, मुरादाबाद, सहारनपुर हरियाणा की ओर जा रहे हैं। इन मजदूरों की दुर्दशा को देखकर राधा कृष्ण धाम के परमाध्यक्ष और नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष सतपाल ब्रह्मचारी ने अपने आश्रम के बाहर इनके खानपान के लिए लंगर खोल दिया है।

इस मार्ग से जाने वाले मजदूरों और अन्य गरीबों को रोजाना सुबह-शाम चाय और दोपहर और रात को खाना खिलाया जा रहा है। पुलिसकर्मी भी इन असहाय लोगों की मदद करने में जुटे हुए हैं। सड़कों पर तैनात पुलिस के अधिकारी और जवान भी मजदूरों और गरीबों को भोजन करा रहे हैं। सतपाल ब्रह्मचारी महाराज ने बताया कि कि जिस तरह प्रशासन ने गुजरात के लोगों के लिए बस की व्यवस्था की और उन्हें गुजरात भेजा। इसी तरह उत्तर प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों से हरिद्वार में तथा अन्य क्षेत्रों में फंसे लोगों को बसों से भेजने की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने पुलिसवालों द्वारा मानवता दिखाते हुए जरूरतमंदों की सेवा करने की भी तारीफ की।

—————————-                   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *