राकेश वालिया
हरिद्वार, 6 मई। भारत साधु समाज के पंजाब व जम्मू प्रांत के अध्यक्ष महामण्डलेश्वर स्वामी महादेव महाराज ने कहा कि कोरोना वायरस देश दुनिया में महामारी का रूप ले रहा है। सरकारें लगातार संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए उचित कदम उठा रही हैं। देश हित में लाॅकडाउन किया गया। केंद्र व राज्य सरकारों के निर्देशों का पालन सभी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश भर में चिकित्सक, पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी वारियर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे लोगों का सम्मान प्रत्येक भारतीय को करना चाहिए।
अपनी जान जोखिम में डालकर कोरोना रोगी सेवा में जुटे स्वास्थ्य कर्मियों की जितनी भी प्रशंसा की जाए उतना कम है। संकट की इस घड़ी में सभी को अपनी सहभागिता देश की रक्षा के लिए करनी होगी। उन्होंने कहा कि संत समाज भी सरकार के इस अभियान में अपना सहयोग प्रदान कर रहा है। लगातार अखाड़ों, आश्रमों, मठ मंदिरों से निराश्रितों की सेवा के अभियान भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संत महापुरूषों द्वारा सरकार की इस मुहिम को और मजबूती प्रदान करने के लिए राहत धनराशि भी सौंपने का काम किया जा रहा है। जागरूक नागरिक ही देश की तरक्की में अपना योगदान दे सकता है। उन्होंने धर्मनगरी के लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि अपने घरों में रहें। संक्रमण से बचें।
सरकार के आदेशों का पालन करते रहें। मां गंगा के आशीर्वाद से संकट की यह घड़ी निश्चित तौर पर समाप्त होगी। अंतराष्ट्रीय साधु सुधा संस्था के स्वामी हरेंद्र मुनि महाराज ने कहा कि दिल खोलकर संत महापुरूष मनुष्य कल्याण में अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। गरीब, असहाय, निराश्रितों की सेवा भी बढ़ चढ़ कर की जा रही रही है। मानव सेवा को ही परम धर्म मानते हुए हमें संकट की इस घड़ी में मनुष्य कल्याण में अपना योगदान देना होगा। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देश हित में लाॅकडाउन जैसी कार्यप्रणाली का अपनाकर देश की जनता को सुरक्षित करने में जुटे हुए हैं। ईमानदारी से अपने कार्यो को कर्तव्यनिष्ठा से अंजाम देने वाले चिकित्सकों, पुलिसकर्मियों, सफाईकर्मियों का उत्साह सभी को बढ़ाना चाहिए।
महंत कमलमुनि महाराज ने कहा कि कोरोना वायरस ना फैले इसको लेकर सभी को अपने घरों में रहना चाहिए। देश दुनिया में कोरोना संक्रमण फैल रहा है। ऐसे में सभी को कोरोना को समाप्त करने की इस मुहिम में सहयोग करना चाहिए। स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी राजेंद्रानंद, महंत दिनेशदास, महंत नवलकिशोर दास सहित सभी संतों ने कहा कि कोरोना जैसी बीमारी को भगाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कहे अनुसार घरों में रहकर ही व्यक्ति का जीवन सुरक्षित रहेगा।