प्रदेश में लगातार मजबूत हो रही है सपा-शंभू प्रसाद पोखरियाल

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


हरिद्वार, 28 मई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कहा कि प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश संगठन चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है। आगामी लोकसभा चुनाव में सपा पूरी मजबूती से प्रदेश की सभी पांचों लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। लोकसभा चुनाव में पार्टी का हरिद्वार सीट पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के बिना सरकार नही बनेगी। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कहा कि प्रदेश में पार्टी को मजबूत किया जा रहा है।

प्रदेश के सभी 13 जनपदों में जिला अध्यक्ष एवं महानगर अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गयी है। और संगठन को सक्रिय किया जा चुका है। जल्द ही जिला कार्यकारिणीयों का गठन भी कर दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जनता की उम्मीदों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। जिसका प्रमाण हैं कि प्रत्येक भर्ती परीक्षा से पहले पेपर आउट हो जाता हैं। भाजपा और कांग्रेस को एक ही सिक्के के दो पहलू बताते हुए आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार और जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा हमेशा भावनाओं से खेलती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और जनता महंगाई से जनता जूझ रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चार धाम यात्रा की व्यवस्था मुकम्मल करने में नाकाम रही है। श्रद्धालुओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि आस्था के आगे कठिनाइयां कोई मायने नहीं रखती फिर भी सरकार के दावे के उलट व्यवस्थाओं में काफी कमियां हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष डा.राजेंद्र पाराशर ने कहा कि सपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है। भाजपा की नीतियों को समझ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि 2004 में हरिद्वार सीट पर मिली जीत को पार्टी फिर से दोहराएगी।

डा.पाराशर ने जनपद में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार की नाक के नीचे लगातार अवैध खनन जारी है, लेकिन सरकार अंजान बनी हुई हैं। प्रैसवार्ता के दौरान प्रदेश सचिव महंत शुभम गिरी, समीर आलम, जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इससे पूर्व ज्वालापुर पुल जटवाड़ा स्थित सपा कार्यालय पर हुई पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद पोखरियाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह आमजन को पार्टी के साथ जोड़ने के लिए मेहनत करें। उन्होंने कहा कि पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए आम लोगों की समस्याओं को उठाने का काम करें।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि आने वाले लोकसभा चुनाव में पार्टी की मजबूती के लिए अभी से रणनीति बनाकर काम करना शुरू कर दें। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष डा.राजेंद्र पाराशर, जिला अध्यक्ष साजिद अंसारी, महानगर अध्यक्ष लव दत्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *