मृत्युंजय और महायोगी हैं कैलाशावासी महादेव शिव-श्रीमहंत बलवीर गिरी

Dharm
Spread the love

अमरीश

हरिद्वार, 7 अगस्त। बाघम्बरी पीठाधीश्वर एवं बिल्केश्वर महादेव मंदिर के व्यवस्थापक श्रीमहंत बलवीर गिरी महाराज ने कहा है कि संपूर्ण सृष्टि भगवान शिव में समाहित है और शिव एवं शक्ति की कृपा जिस साधक पर हो जाए उसका जीवन भवसागर से पार हो जाता है। बिल्केश्वर महादेव मंदिर में श्रावण मास मे चलने वाले भगवान शिव के विशेष रुद्राभिषेक और पूजा अर्चना के दौरान श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए श्रीमहंत बलवीर गिरी महाराज ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना को समर्पित है।

इस दौरान शिव आराधना करने से सभी दुखों का शमन होता है और व्यक्ति के जीवन में सुख समृद्धि का आगमन होता है। उन्होंने कहा कि कैलाशवासी महादेव मृत्युंजय और महायोगी हैं। जिनके स्मरण मात्र से ही मनुष्य भवसागर से पार हो जाता है। शिव जीवन और मृत्यु, विनाश और पुनर्जन्म के देवता हैं। जो अपने भक्तों का संरक्षण कर उन्हें यश, आयु, बल, बुद्धि, सुख, समृद्धि प्रदान करते है।ं भगवान शिव आदि और अंत हैं। शिव ही अनंत हैं, समय और काल हैं। शिव ही महाकाल हैं।

जो साधक भगवान शिव की कृपा का पात्र बन जाता है। उसका जीवन स्वयं ही सफलता की ओर अग्रसर हो जाता है। क्योंकि शिव शब्द ही कल्याण का पर्याय है। श्रीमहंत बलवीर गिरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव अत्यंत उदार है और सकल सृष्टि उनमें समाविष्ट है। हमें उनका अनवरत ध्यान करते रहना चाहिए और निमग्न होना चाहिए। इससे बड़ा आनंद और कुछ नहीं हो सकता।

बिल्केश्वर महादेव भक्तों की सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर उन्हें मनवांछित फल प्रदान करते हैं और भगवान शिव के साथ माता पार्वती का भी आशीर्वाद उन्हें प्राप्त होता है। उन्होंने बताया कि श्रावण मास के आखिरी सोमवार को बिल्केश्वर महादेव मंदिर में भव्य श्रृंगार कर विश्व कल्याण के लिए विशेष अनुष्ठान किया जाएगा और मंदिर परिसर को भव्य रुप से सजाया जाएगा। भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का अवसर सौभाग्यशाली व्यक्ति को ही प्राप्त होता है। इसलिए भगवान शिव के शरणागत होना व्यक्ति के लिए परम कल्याणकारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *