नगर निगम के कांग्रेस पार्षद सुहेल अख्तर ने कियाा हरिद्वार ग्रामीण सीट टिकट के लिए आवेदन

Haridwar News
Spread the love

राहत अंसारी


विधानसभा क्षेत्र में समस्याओं का अंबार, समाधान करने में विफल रहे भाजपा विधायक-सुहेल
हरिद्वार, 20 दिसम्बर। नगर निगम के कांग्रेस पार्षद सुहेल अख्तर से हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से टिकट दिए जाने की मांग की है। टिकट की मांग करते हुए सुहेल अख्तर ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष धर्मपाल सिंह को विधिवत रूप से आवेदन पत्र भी सौंपा है। सुहेल अख्तर ने बताया कि वे लंबे समय से विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय हैं। लोगों के बीच काम करते हुए पार्टी की नीतियों को आगे बढ़ाने में योगदान कर रहे हैं।

दलित मुस्लिम बाहुल्य विधानसभा सीट पर उन्होंने समाज के सभी वर्गो के मतदाताओं के बीच अपनी पैठ बनायी है। सुहेल ने बताया कि 1 लाख 27 हजार से अधिक मतदाताओं वाला विधानसभा क्षेत्र में समस्याओं का अंबार है। लगातार दो बार विजयी हुए भाजपा विधायक समस्याओं का समाधान कराने में नाकाम रहे हैं। क्षेत्र में पेयजल व बरसाती जल की निकासी एक बड़ी समस्या है।

जिसका समाधान कराने में भाजपा विधायक पूरी तरफ विफल रहे हैं। इसके अलावा शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं में भी कोई सुधार नहीं हुआ। विधायक क्षेत्र में न तो कोई इंटर कालेज ना ही डिग्री कालेज स्थापित करवा पाए हैं। जिससे छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए शहरी क्षेत्र के कालेजों का रूख करना पड़ता है। स्वास्थ्य सेवाओं का भी बुरा हाल है। खासतौर पर लांलढांग क्षेत्र के लोगों को गंभीर रूप से बीमार होने या आपातकालीन स्थिति में जिला अस्पताल या फिर नजीबाबाद की तरफ दौड़ना पड़ता है।

स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति के कारण प्रसूताओं को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ता है। जंगली जानवर फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। कई बार लोगों पर हमला भी कर देते हैं। इस समस्या का भी विधायक कोई समाधान नहीं कर पाए हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। बाहरी राज्यों के लोग अवैध रूप से खनन करने के साथ सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। दबाव में प्रशासन भी कुछ नहीं कर पा रहा है।
सुहेल ने कहा कि विधानसभा सीट पर मुस्लिमों के बाद दलित समाज मतदाताओं का सबसे बड़ा वर्ग है। दलितों और मुस्लिमों के अलावा क्षेत्र के सैनी, चौहान, पाल समाज, कश्यप, प्रजापति, बंजारा समाज, सिख व जाट मतदाताओं का समर्थन भी उनके साथ है। यदि पार्टी ने टिकट दिया तो भारी मतों से जीत दर्ज कर पार्टी को मजबूत करेंगे।
सुहेल ने कहा कि माहौल पूरी तरह भाजपा के खिलाफ है। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की आवश्यकता है। यह पूछे जाने पर कि यदि पार्टी उम्मीदवार नही बनाती है तो क्या करेंगे। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता हैं। टिकट की मांग करना उनका अधिकार है। यदि पार्टी उनके अलावा किसी अन्य कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाती है तो पूरी ताकत से उसे चुनाव लड़वाएंगे और विजयी बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *