हरिद्वार, 7 अगस्त। हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं की भाजयुमो के प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी के खड़खड़ी स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि कॉरिडोर प्रकरण पर कांग्रेसी राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले यह बताएं कि आजादी के बाद 60 वर्षों में उन्होंने हरिद्वार के लिए क्या किया है। जबकि राज्य बनने के बाद 10 साल उत्तराखंड और केंद्र में कांग्रेस की सरकार रही है। कांग्रेस का हरिद्वार से सांसद भी रहा है और वे केंद्र में मंत्री भी रहे हैं।
हरिद्वार नगरपालिका और उसके बाद नगर निगम बनने के बाद कांग्रेस के पालिकाध्यक्ष और मेयर रहे हैं। इसलिए उन्हें इस प्रकरण पर हरिद्वार की जनता को भ्रमित नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि 5 साल कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच से नदारद रहते हैं। लेकिन जब कोई चुनाव आता है तो कांग्रेस को जनता की याद आ जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा हरिद्वार के भाजपा सरकार द्वारा लायी गयी योजनाओं का विरोध किया है। मुद्दा विहीन और नेतृत्वहीन हो चुकी कांग्रेस हमेशा जन कल्याण से जुड़े कार्यों का विरोध करती रही है।
सप्तऋषि मंडल अध्यक्ष तरुण नैय्यर और कनखल मंडल अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट’ ने कहा कि कॉरिडोर प्रकरण पर हरिद्वार विधायक मदन कौशिक मुख्यमंत्री से मिलकर स्पष्ट कर चुके हैं कि मुख्यमंत्री ने यह विश्वास दिलाया है कि हरिद्वार में किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की जाएगी और कॉरिडोर को रोड़ी बेलवाला और पंतदीप क्षेत्र में बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री से की है। इसलिए कांग्रेस को इस विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए।
भाजयुमो के प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी ने कहा कि मदन कौशिक लगातार 22 वर्षों से विधानसभा में हरिद्वार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उन्हें हरिद्वार की जनता के हितों की चिंता है। यही कारण है कि हरिद्वार की जनता राज्य बनने के बाद लगातार उन्हें अपना आशीर्वाद दे रही है और अपना प्रतिनिधि चुन रही है।
पूर्व पार्षद अनिल मिश्रा और अनिरुद्ध भाटी’ ने कहा कि पॉड कार टैक्सी को लेकर भी मदन कौशिक का स्पष्ट मत रहा है कि हरिद्वार का पौराणिक और आध्यात्मिक स्वरूप बना रहना चाहिए और इसी कारण से राज्य सरकार ने उस पर अभी रोक लगा दी है।
उन्होंने कहा कि हेरीटेज सिटी की मांग को भी कांग्रेसी तोड़ मरोड़ कर पेश कर रहे है। जबकि राज्य सरकार को यह अधिकार है कि वह किसी भी शहर को हेरीटेज सिटी बनाने का प्रस्ताव भेज सकती है। व्यापारी नेता सुनील सेठी’ ने कहा कि नगर निगम का चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेसी सक्रिय हो गए हैं। इसलिए जनता का ध्यान भटकने की कोशिश कर रहे हैं। इस प्रकरण को लेकर भी हरिद्वार कांग्रेस दो धड़ों में बटी हुई नजर आ रही है। बैठक में मंडल महामंत्री विक्की आडवाणी, देवेश ममगई, मनीष गुप्ता, आकाश चौहान, अनिमेष कुमार, अनुज कोठियाल, विदित शर्मा, विनीत जौली, अनिल वशिष्ठ, मुकेश पुरी, ललित सचदेवा, करुण मदान, अभिषेक शर्मा, दीपक चौहान, गौरव गिरी, आशीष गिरी, नीरज पाल, बॉबी बंसल आदि कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।