तनवीर
हरिद्वार, 15 फरवरी। भेल सेक्टर-2 स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हो रहे विद्यालय के इंटरमीडिएट कक्षा के छात्र-छात्राओं के लिए कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं द्वारा विदाई और आशीर्वाद समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के अध्यक्ष डा.शिवशंकर जायसवाल, संस्कार भारती के प्रान्त संगठन मंत्री सुनील चौहान, आरएसएस के विभाग प्रचारक चिरंजीव, विद्यालय के प्रधानाचार्य लोकेन्द्र दत्त अंथवाल तथा शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य कमल सिंह रावत ने मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया।

समारोह की शुरुआत गायत्री मंत्र तथा महामृत्युंजय मंत्र के उच्चारण के साथ हुई। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 के छात्र-छात्राओं वाशु, हर्ष शर्मा, सोनाक्षी एवं अनुष्का ने किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, गायन और कविताएं प्रस्तुत की गई। अंशिका पांडेय ने अपने बीते दिनों के अनुभव साझा किए। विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि यह विद्यालय संस्कारों के कारण जाना जाता है। इसलिए सभी छात्र-छात्राएं भविष्य में भी अपने संस्कारों को ना भूले। डा.जायसवाल ने कविता के माध्यम से बच्चो में नवीन चेतना का संचार किया। विद्यालय की आचार्या प्रतिभा जोशी ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी।

आरएसएस विभाग प्रचारक चिरंजीव ने कहा कि छात्र-छात्राओं को आशीवर्चन प्रदान करते हुए अब आप खुद तय करेंगे कि आपकी दिशा जीवन मे कैसी होनी चाहिये। हो सकता है कि आज आपका विद्यालय में अन्तिम दिन हो। लेकिन विद्यालय से हमेशा जुडे रहना। उन्होंने कहा कि विद्या भारती ने इतने होनहार विद्यार्थी दिए है। इसके लिए वे सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हैं। नेहा जोशी ने छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि जिस जिस पर जग हंसा है। उसी ने इतिहास रचा है।

शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य कमल सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। करुणा ने एक कविता के माध्यम छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दी। प्रधानाचार्य लोकेंद्र दत्त अंथवाल ने छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं जीवन में नैतिक मूल्य, परिश्रम और अनुशासन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।


