अखाड़े को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं असामाजिक तत्व-महंत जसविंदर सिंह

Haridwar News
Spread the love


सेवादारों और कर्मचारियों के बीच हुए मामूली विवाद को अखाड़े का विवाद कहना गलत
हरिद्वार, 22 फरवरी। कनखल स्थित श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल के कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री एवं श्री पंचायती अखाड़ा निर्मल की एकड़ शाखा के महंत अमनदीप सिंह ने अखाड़े की एकड़ शाखा के सेवादार व कर्मचारियों के बीच हुए विवाद को गलत तरीके से प्रचारित करने पर कड़ा एतराज जताते हुए इसे अखाड़े को बदनाम करने की सुनियोजित साजिश करार दिया है। कोठारी महंत जसविंदर सिंह शास्त्री ने कहा सेवादार और कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद और मनमुटाव को अखाड़े का विवाद कहना अखाड़े की छवि को धूमिल और बदनाम करने का प्रयास है।

उन्होंने कहा कि बीते दिनों अखाड़े की एकड़ शाखा में अखाड़े के कर्मचारियों व सेवादारों की बीच मामूली बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसे उन्होंने और एकड़ शाखा के महंत अमनदीप सिंह ने सभी पक्षों को समझा बुझाकर कर शांत कर दिया था। लेकिन लंबे समय से अखाड़े की संपत्ति को खुर्दबुर्द करने की कोशिश कर रहे कुछ असामाजिक तत्व इसे गलत तरीके से प्रचारित कर रहे हैं। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अखाड़े के संतों में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। सभी मिलजुल कर धर्म संस्कृति के प्रचार प्रसार में योगदान कर रहे हैं। एकड़ शाखा के महंत अमनदीप सिंह ने कहा कि जगतार सिंह अखाड़े के सचिव नहीं है।

अखाड़े के सचिव महंत देवेंद्र सिंह शास्त्री हैं, जो पूर्व में अखाड़ा परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष भी रहे हैं। लेकिन असामाजिक तत्व अखाड़े को बदनाम करने की नीयत से जगतार सिंह को सचिव बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखाड़े में हुए मामूली विवाद को गलत तरीके से प्रचारित करना भी साजिश का हिस्सा है। महंत अमनदीप सिंह ने कहा कि बीते वर्ष नवंबर में भी असामाजिक तत्वों ने अखाड़े में हथियारों के बल पर अवैध रूप से घुसकर कब्जा करने की कोशिश की थी। जिसे पुलिस प्रशासन एवं संत समाज के सहयोग से नाकाम कर दिया गया था। इस मामले में भी इनके ऊपर संगीन धाराओं में मुकदमे भी कायम हुए है।

अखाड़े को बदनाम रहे लोग बाहरी और अवांछित असामाजिक तत्व हंै। जिनका संत समाज और निर्मल संप्रदाय से कोई वास्ता नहीं है। उन्होंने कहा कि अखाड़े के खिलाफ साजिश कर रहे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। अखाड़े के सचिव देवेंद्र शास्त्री ने कहा कि अखाड़े के खिलाफ की जा रही साजिशों को देखते हुए सरकार को अखाड़े के अध्यक्ष श्रीमहंत ज्ञानदेव सिंह महाराज एवं कोठारी महंत जसविन्दर सिंह महाराज को सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए। अखाड़े की और से इस संबंध में पूर्व में भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और डीजीपी से मांग की जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *