मोबाइल रिपेयरिंग की आड़ में फर्जी दस्तावेज बना रहे आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Crime
Spread the love

तनवीर


सिडकुल में नौकरी के लिए आने वाले लोगों को फर्जी आधार कार्ड व मार्कशीट बनाकर देता था आरोपी
हरिद्वार, 23 फरवरी। मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान की आड़ में चल रहे फर्जी दस्तावेज व जन्म प्रमाण पत्र बनाने के धंधे का भंडाफोड़ करते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से फर्जी आधार कार्ड, फर्जी मार्कशीट व लैपटॉप आदि बरामद हुए हैं।

एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान थाना सिडकुल पुलिस टीम ने रावली महदूद में पिपलेश्वर मंदिर के पास मोबाइल रिपयेरिंग की दुकान में छापेमारी की तो एक युवक लैपटॉप के जरिए फर्जी आधार कार्ड, फर्जी मार्कशीट आदि कूटरचित दस्तावेज बनाता मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम पुनीत कुमार पुत्र वेदपाल सिंह निवासी ग्राम कासमाबाद पोस्ट बुढनपुर थाना स्योहरा जिला बिजनौर उ.प्र. हाल निवासी पिपलेश्वर मंदिर रावली महदूद बताया।

उसने बताया कि सिडकुल में नौकरी के लिए आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों को किसी भी आधार कार्ड, मार्कशीट आदि में नाम पता आदि बदलकर दस्तावेज तैयार कर दे देता है। दुकान की तलाशी के लेने पर 4 आधार कार्ड बरामद हुए हैं। जिनमें से दो कूटरचना से तैयार किए गए हैं। इसके अलावा हाईस्कूल की कूटरचित अंकतालिकाओं की 9 छायाप्रतियां बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज किया गया है।
’पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नितेश शर्मा, एसएसआई देवेन्द्र तोमर, एसआई बबलू चौहान, अपर उपनिरीक्षक संजय चौहान, हेडकांस्टेबल जितेन्द्र मलिक, देशराज, कांस्टेबल गजेन्द्र प्रसाद व मुकेश शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *