पुलिस ने किया हाईस्कूल परीक्षा में फर्जीवाड़े के मास्टर माइंड को गिरफ्तार

Crime
Spread the love


हरिद्वार, 27 फरवरी। हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में मूल परीक्षार्थियों के स्थान पर अन्य छात्रों के परीक्षा देने के मामले में रानीपुर कोतवाली पुलिस ने फर्जीवाड़े के मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया है। खुद को अल्मोडिया इस्लामिक हाईस्कूल का प्रिंसिपल बताने वाले आरोपी ने ट्यूशन पढ़ने वाली छात्रा का फर्जी प्रवेश पत्र बनाकर परीक्षा दिलवाई थी। पुलिस मामले में प्रकाश में आए सावित्री शिक्षा सदन रावली महदूद की भूमिका की भी जांच कर रही है। 24 फरवरी को राजकीय इण्टर कालेज सलेमपुर में फर्जी परीक्षार्थियों के हाईस्कूल की परीक्षा देने का मामला सामने आया था।

कालेज के प्रधानाचार्य सुरेश चन्द्र द्विवेदी ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मुकद्मा दर्ज कराया था। सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत मुकद्मा दर्ज करने के बाद पुलिस ने फर्जी तौर पर परीक्षा देने वाले 3 छात्रों और 4 छात्राओं को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से प्रवेश पत्र बरामद किए थे। बाद में सभी को जमानत पर छोड़ दिया गया था।
कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर आशुतोष सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की विस्तार से विवेचना करते हुए फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलवाने वाले मुख्य साजिशकर्ता को चिन्हित करते हुए चंगेज अंसारी पुत्र जहीर अंसारी निवासी मेन रोड मोहल्ला चौहनान ज्वालापुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने स्वयं को अल्मोडिया

इस्लामिक हाई स्कूल ज्वालापुर का प्रिंसिपल तथा द सक्सेज प्वॉइंट नाम से व्हाट्सएप और सोशल मीडिया ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन कोचिंग का संचालक बताया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने ट्यूशन पढ़ने वाली छात्रा के परिजनों से परीक्षा पास कराने के लिए धनराशि ली तथा एक अन्य छात्रा की फोटो का उपयोग कर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया और फर्जी प्रवेश पत्र के आधार पर वास्तविक परीक्षार्थी के स्थान पर दूसरी छात्रा को परीक्षा दिलाई। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा, एसआइ्र मन्दीप सिंह व कांस्टेबल विवेक गुसांई शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *