तनवीर
हरिद्वार, 24 फरवरी। एटीएम में चोरी का प्रयास करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पूर्व में कई मुकद्मे दर्ज हैं और पहले भी जेल जा चुका है। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाली रानीपुर प्रभारी आशुतोष राणा ने बताया कि 21 फरवरी की रात में एक संदिग्ध ने शिवलोक कालोनी स्थित एटीएम में घुसकर एटीएम का लॉक तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया था। शिकायत मिलने पर मुकद्मा दर्ज कर तलाश शुरू की गयी।
जांच पड़ताल में प्रकाश में आए संदिग्ध की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने 23 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर शिवलोक स्थित वाटर वर्क्स कालोनी निवासी लविश पुत्र लक्ष्मीचंद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एटीएम का टूटा हुआ लॉक व पंेच, प्लास आदि उपकरण बरामद किए गए। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी ओर आर्म्स एक्ट के मुकदमों में कुछ महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। मुकदमें एवं अन्य खर्चों को पूरा करने के लिए उसने एटीएम तोड़कर नगदी चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस टीम में एसआई मन्दीप सिंह, कांस्टेबल अमित चौधरी, दिग्पाल सिंह व उदय नेगी शामिल रहे।


