पार्षद ने नगर आयुक्त को दिया सर्वानंद घाट के सामने गंगा संग्राहलय बनाने का प्रस्ताव

Haridwar News
Spread the love


शहर के लिए ऐतिहासिक पहल साबित होगी गंगा संग्राहलय की स्थापना-आकाश भाटी
हरिद्वार, 9 अप्रैल। वार्ड 1 के पार्षद आकाश भाटी ने नगर आयुक्त को प्रस्ताव देकर सर्वानंद घाट के सामने स्थित नगर निगम की संपत्ति पर गंगा संग्राहल बनाने की मांग की है। प्रस्ताव में उक्त संपत्ति को भव्य गंगा संग्राहलय के रूप में विकसित कर मां गंगा के इतिहास, धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और हरिद्वार की आध्यात्मिक पहचान को आधुनिक ढंग से प्रदर्शित करने की मांग की गयी है। पार्षद आकाश भाटी ने बताया कि हरिद्वार विश्वभर में आस्था की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक एवं शोधार्थी यहां आते हैं। ऐसे में गंगा संग्राहलय की स्थापना शहर के लिए एक नई और ऐतिहासिक पहल साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि संग्रहालय में मां गंगा की उत्पत्ति से लेकर धार्मिक ग्रंथों में उनके महत्व, गंगा अवतरण की पौराणिक कथाओं, विभिन्न घाटों के इतिहास, कुंभ और अन्य धार्मिक आयोजनों की झलकियों को चित्रों, डिजिटल डिस्प्ले, दुर्लभ दस्तावेजों और ऑडियो विजुअल माध्यम से प्रस्तुत किया जा सकता है। आकाश भाटी ने बताया कि इस परियोजना से हरिद्वार के पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गंगा की महिमा और हरिद्वार की सांस्कृतिक विरासत को एक ही स्थान पर समझने का अवसर मिलेगा। इससे शहर में ठहरने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी।

जिससे स्थानीय कारोबार को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। आकाश भाटी ने कहा कि नगर निगम की इस संपत्ति का सुनियोजित उपयोग नगर के हित में एक दूरदर्शी कदम होगा। संग्रहालय के माध्यम से नगर निगम को टिकट, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों से स्थायी एवं नियमित आय भी होगी। इससे शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता और अन्य विकास कार्यों के लिए आर्थिक संसाधन मजबूत होंगे।

आकाश भाटी ने नगर आयुक्त नंदन कुमार से आग्रह किया है कि इस महत्वाकांक्षी और जनहितकारी प्रस्ताव पर शीघ्र विचार करते हुए आवश्यक स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि हरिद्वार की पहचान को और सशक्त करने वाली यह परियोजना जल्द से जल्द धरातल पर उतर सके। स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भी इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए इसे शहर के सांस्कृतिक और पर्यटन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *