जूनियर अंडर-18 बास्केटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


विधायक आदेश चौहान एवं मेयर किरण जैसल ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन
उद्घाटन मैच में बालिका वर्ग में डीएवी और बालक वर्ग में शिवडेल स्कूल ने दर्ज की जीत

हरिद्वार, 10 अप्रैल। डिस्ट्रिक्ट बॉस्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में राजा गार्डन स्थित ओलिविया स्कूल में आयोजित 13वीं जूनियर अंडर-18 बास्केटबॉल चैंपियनशिप का उद्घाटन रानीपुर विधायक आदेश चौहान व मेयर किरण जैसल ने किया। बालक एवं बालिका वर्ग में आयोजित की जा रही तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न स्कूलों की 25 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन की सराहना की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्द्धन करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कदम उठा रही हैं।

मुख्यमंत्री धामी के प्रयासों से उत्तराखंड देवभूमि के साथ खेल भूमि के रूप में भी पहचान बना रहा है। प्रतियोगिताओं के लगातार आयोजन से विभिन्न खेलों के अनेक प्रभिवान खिलाड़ी सामने आए हैं और राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं। मेयर किरण जैसल ने कहा कि खेलों में प्रतिभाग करने से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। खेल कैरियर का भी बेहतर माध्यम हैं। सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करें।

एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच बालिका वर्ग में डीएवी पब्लिक स्कूल एवं सेंट मैरी स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल ने 45-25 अंतर से जीत दर्ज की। दूसरा मैच बालक वर्ग में शिवडेल पब्लिक स्कूल एवं एसएम पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। जिसमें शिवडेल ने 25-20 के अंतर से जीत दर्ज की। संजय चौहान ने बताया कि बास्केटबॉल को बढ़ावा देने के लिए एसोसिएशन निरंतर प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *