तनव
हरिद्वार, 11 अप्रैल। डिस्ट्रिक्ट बॉस्केटबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में राजा गार्डन स्थित ओलिविया स्कूल में आयोजित 13वीं जूनियर अंडर-18 बास्केटबॉल चैंपियनशिप के दूसरे दिन डीएवी और बीएमएल स्कूल के बीच खेले गए मैच में डीएवी ने 27-8 से जीत दर्ज की। शिवेडल जगजीतपुर और डीपीएस जूनियर के बीच मैच में शिवडेल ने 16-14 से जीत हासिल की। शिक्षा राइजिंग स्कूल एवं विजडम ग्लोबल के बीच मैच में विजडम ग्लोबल ने 35-38 से जीत हासिल की। डीपीएस रानीपुर एवं बीएम डीएवी के बीच मैच में डीपीएस रानीपुर ने 22-7 से जीत दर्ज की।
एएचपीएस एवं एमपीएस के बीच मैच में एमपीएस ने 17-22 से जीत दर्ज की। मुख्य अतिथी मेयर किरण जैसल एवं शिवडेल स्कूल के प्रबंधक स्वामी शरदपुरी महाराज ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ कैरियर का भी बेहतर माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी एकाग्रता के साथ खेल पर फोकस करते हुए प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करें। एसोसिएशन के सचिव संजय चौहान ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न स्कूलों की 25 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। रविवार को प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल में जीत दर्ज करने वाली टीमों को ट्राफी और पुरूस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।


