तनवीर
हरिद्वार, 12 अप्रैल। नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार छठे दिन जारी रहा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देशों के क्रम में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बैशाखी स्नान पर्व के दृष्टिगत रविवार को नगर निगम अधिकारियों ने टीम के सीसीआर चौक के निकट तथा रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाते हुए 30 से अधिक ठेलियों व अस्थायी अतिक्रमण को हटवा दिया। इसके अलावा सार्वजनिक मार्गो एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण को भी हटवाया गया।
अभियान के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास भी किया। लेकिन पुलिस बल की मौजदूगी के चलते विरोध कारगर नहीं हो पाया। नगर टीम ने सख्ती से कार्यवाही करते हुए समस्त अतिक्रमणों को हटवा दिया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि नगर क्षेत्र में कहीं भी किसी प्रकार का अतिक्रमण पाए जाने पर तत्काल कार्यवाही करते हुए हटाया जाएगा। अभियान के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह, प्रशिक्षु सफाई निरीक्षक, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर तथा नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहे।


