तनवीर
हरिद्वार, 15 अप्रैल। बाबा साहेब डा.भीमराव अम्बेडकर जयंती के उपलक्ष्य में प्रगत भारत संस्था के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद एकेडमी जूनियर हाईस्कूल श्यामपुर कांगड़ी में बाबा साहेब का जीवन दर्शन विषय पर जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि आर.एल.व्यास ने स्कूल के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सामाजिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है।
बाबा साहेब के विचारों और संविधान को आत्मसात कर युवा पीढ़ी देश निर्माण में अपनी भूमिका निभाए। अति विशिष्ट अतिथि अरविंद कुमार ने कहा कि बाबा साहेब ने जीवन भर शिक्षा, समानता और अधिकारों के लिए संघर्ष किया। छात्रों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। विशिष्ट अतिथि सुधीर वर्मा ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष और सफलता की मिसाल है। बच्चों को उनके आदर्शों पर चलकर अपने लक्ष्य प्राप्त करने चाहिए।
प्रतियोगिता प्रभारी जितेंद्र धर्मराज ने बताया कि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। ऐसे आयोजनों से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बाबा साहेब के विचारों से जुड़ते हैं। जितेंद्र धर्मराज ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा 8 के ऋषभ ने प्रथम, आरूष पवार ने द्वितीय, कथा 3 के दिव्यांश व कक्षा 4 के देवांजन बनर्जी ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा 6 की तृषा पाल, कक्षा 7 की आरती ने सांत्वना पुरूस्कार प्राप्त किया। विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं गणमान्य लोगों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
प्रगत भारत संस्था के पदाधिकारी सुदीप बनर्जी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से बच्चों का ज्ञानार्जन होता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डा.कमलेश कांडपाल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उप प्रधानाचार्य कविता बनर्जी, विद्यालय व्यवस्था प्रमुख कु.स्वाति, कु. गीता पाल, कु. मीनू, कु. रचना, कु. दीपिका, कु. चित्रा, भोजन माता रिंकी कश्यप ने आयोजन में सहयोग दिया।


