एसएसपी के निर्देश पर फायर स्टेशन मायापुर का विशेष निरीक्षण, होटल-रेस्टोरेंट की अग्नि सुरक्षा जांची

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 9 जून। गर्मियों में आग की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर फायर स्टेशन मायापुर की टीम ने 8 जून को शहर के होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे और अन्य भीड़-भाड़ वाले संस्थानों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह के नेतृत्व में टीम ने निरीक्षण के दौरान सभी जगहों पर अग्नि सुरक्षा मानकों को परखा। इसमें आपातकालीन निकास मार्ग यानी इमरजेंसी यूनिट की व्यवस्था, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, उनकी कार्यक्षमता और वैधता, साथ ही अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र फायर एनओसी की स्थिति की गहन जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान सभी संस्थानों के प्रबंधकों को हिदायत दी गई कि अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील अवस्था में रखें और अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन करें। किसी भी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस दौरान अग्निशमन अधिकारी बीरबल सिंह ने कहा कि फायर स्टेशन मायापुर की टीम अग्नि सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय है। उन्होंने कहा कि आग लगने पर हड़बड़ाहट से बचने के लिए पहले से तैयारी जरूरी है और अग्नि सुरक्षा में सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। फायर विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी उपकरण जरूर रखें और उनका नियमित रखरखाव कराएं।

Leave a Reply