अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने मनसा देवी मंदिर के पुजारियों को वितरित किए बिना जेब वाले कपड़े

Haridwar News
Spread the love


श्रीकृष्ण जन्म भूमि कार सेवा के लिए संत समाज तैयार, कार्यक्रम तय होने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी करेंगे कार सेवा में आमंत्रित-श्रीमहंत रविंद्रपुरी
हरिद्वार, 15 जुलाई। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने मंदिर के पुजारियों को बिना जेब वाले वस्त्र वितरित किए। श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने बताया कि मठ मंदिरों में दान और चढ़ावा चोरी जैसे आरोपों से श्रद्धालुओं की आस्था आहत होती है। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोप सामने आने के बाद सतर्कता बरतते हुए मंदिर ट्रस्ट ने सभी पुजारियों के बिना जेब वाले कपड़े पहनने का फैसला लिया था।

जिसके तहत सभी पुजारियों को बिना जेब वाले कपड़े वितरित किए गए हैं। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि दान और चढ़ावे की राशि में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंदिर में आने वाले दान और चढ़ावे की राशि का हिसाब किताब पूरी पारदर्शिता के साथ रखा जाता है। लेकिन कुछ विरोधी संत महंत मंदिर ट्रस्ट के एक पदाधिकारी का 2023 का भ्रामक वीडियो प्रसारित कर मंदिर ट्रस्ट को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से दान की गयी राशि की रसीद अवश्य प्राप्त करने की अपील भी की।
श्रीकृष्ण जन्म भूमि मथुरा में कार सेवा को लेकर श्रीमहंत डा.रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि संत समाज कार सेवा के लिए पूरी तरह तैयार है। केंद्र और राज्य सरकार से अनुमति मिलने के बाद कानूनी प्रक्रिया और नियमों के तहत कार सेवा कार्यक्रम को आगे बढ़ाया जाएगा। श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने कहा कि जैसे अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। उसी प्रकार मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाने की संत समाज की लंबे समय से मांग रही है।

उन्होंने कहा कि इस विषय पर सभी कदम संविधान और कानून के दायरे में रहकर ही उठाए जाएंगे। विधिवत रूप से कार सेवा का कार्यक्रम तय होने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव को भी आमंत्रित किया जाएगा। श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने 30 जुलाई से शुरू हो रहे कांवड़ मेले को देखते हुए मनसा देवी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं और पैदल मार्ग का निरीक्षण भी किया।

Leave a Reply