निश्चेतक डा.प्रदीप चौहान और बालरोग विशेषज्ञ डा.संतोष नेगी ने संभाला कार्यभार
हरिद्वार, 21 जुलाई। जिला अस्पताल में हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद डा.राजेश गुप्ता के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक का कार्यभार संभालने और जिला अस्पताल को दो विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं मिलने से मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
पीएमएस डा.राजेश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उप जिला चिकित्सालय विकासनगर से निश्चेतक (एनेस्थीसिया विशेषज्ञ) डा.प्रदीप चौहान तथा उप जिला चिकित्सालय मसूरी से बाल रोग विशेषज्ञ डा.संतोष नेगी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। दोनों चिकित्सकों के आने से अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं को मजबूती मिलेगी और मरीजों को इलाज के लिए अन्य अस्पतालों की ओर कम रुख करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि निश्चेतक चिकित्सक की उपलब्धता से अस्पताल में ऑपरेशन संबंधी सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा, जबकि बाल रोग विशेषज्ञ के आने से बच्चों के उपचार में गुणवत्ता और सुविधा दोनों बढ़ेंगी। इससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी। डा.राजेश गुप्ता ने कहा कि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जाएगा।
अस्पताल में चिकित्सकों की उपलब्धता, आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था, मरीजों को समय पर उपचार और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अस्पताल को आमजन के लिए अधिक सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।


