कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने की मंच का शुद्धिकरण करने वालों पर मुकद्मा दर्ज करने की मांग

Haridwar News
Spread the love


हरिद्वार, 31 अगस्त। जनपद नैनीताल के हल्द्वानी में रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खरगे की जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण करने की गहरी निंदा करते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राणा के संयोजन में रानीपुर कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा एवं महेश प्रताप राणा ने कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है।

ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। मल्लिकार्जुन खरगे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के सम्मानित नेता हैं। उनकी रैली के बाद मंच का शुद्धिकरण करने वालों पर पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से समाज में जातपात के भेदभाव को बढ़ावा मिलता है। ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा.संजय पालीवाल ने कहा कि संविधान का पालन नहीं वाले लोगों के खिलाफ पुलिस को सख्त कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक व्यवस्था पर विचार रखने का अधिकार है।

कांग्रेस अध्यक्ष के मंच के शुद्धिकरण की घटना पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। भाजपा को लोगों की भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है। दलित विरोधी मानसिकता को सहन नहीं किया जाएगा मंच शुद्धिकरण के मामले में पुलिस प्रशासन को सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। जिससे ऐसी घटनाओं की पुर्नावृती ना हो। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राव आफाक अली व रविश भटीजा ने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर के संविधान को चुनौती देने वालों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

सत्ता पक्ष कांग्रेस को दबाने के लिए ऐसे कार्यों को अंजाम दे रही है। लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान संजय सैनी, तेलूराम प्रधान, मनोज धनगर, सुखपाल सिंह, सुनील कुमार, सीपी सिंह, राहुल शर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, यशवंत सैनी, तीर्थपाल रविश भटीजा आदि शामिल रहे।

Leave a Reply