जमालपुर कला से रिंग रोड अंडरपास तक सड़क चौड़ीकरण की मांग

Haridwar News
Spread the love


सड़क चौड़ीकरण से लोगों को मिलेगी सुविधा-विपिन चौधरी
हरिद्वार, 15 अक्टूबर। भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला महामंत्री एवं हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने जमालपुर कला से रिंग रोड अंडरपास तक सड़क के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण की मांग को लेकर मेला अधिकारी हरिद्वार और हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की प्रमुख सड़क पर बढ़ते यातायात के दबाव और स्थानीय लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से अवगत कराते हुए सड़क के विस्तार की आवश्यकता पर जोर दिया।

विपिन चौधरी ने बताया कि जमालपुर कला से रिंग रोड अंडरपास तक जाने वाली सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन का एक महत्वपूर्ण मार्ग है। इस सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है, लेकिन सड़क की चौड़ाई मात्र तीन मीटर होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। सड़क संकरी होने के चलते वाहनों के आवागमन में परेशानी बनी रहती है और दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि सड़क की वर्तमान स्थिति को देखते हुए इसका चौड़ीकरण समय की आवश्यकता है।

इस संबंध में वह पूर्व में भी मुख्यमंत्री को समस्या से अवगत करा चुके हैं। अब उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर जनहित में इस समस्या का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया है। विपिन चौधरी ने अधिकारियों के समक्ष प्रस्ताव रखा कि वर्तमान में कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर क्षेत्र में सड़क संबंधी कार्य प्रगति पर हैं। ऐसे में यदि इसी कार्य के साथ जमालपुर कला से रिंग रोड अंडरपास तक सड़क के दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़ाई बढ़ा दी जाए, तो इससे सड़क की उपयोगिता बढ़ेगी और भविष्य में यातायात का दबाव संभालने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के दौरान ही सड़क चौड़ीकरण की योजना पर विचार किया जाना अधिक सुविधाजनक रहेगा। इससे क्षेत्रवासियों को बार-बार निर्माण कार्यों की परेशानी से बचाने के साथ ही भविष्य की यातायात संबंधी जरूरतों को भी ध्यान में रखा जा सकेगा। विपिन चौधरी ने कहा कि सड़क का चौड़ीकरण केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।

सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, आवागमन में होने वाली परेशानियां कम होंगी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने मांग की कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए सड़क विस्तारीकरण के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस दौरान भाजपा नेता चौधरी नाथीराम भी उपस्थित रहे

Leave a Reply