हरिद्वार, 17 अक्टूबर। केयर ग्रुप्स ऑफ कालेज बहादराबाद में पारंपरिक उल्लास और उमंग के साथ भव्य डांडिया नाइट का आयोजन किया गया। महिलाओं और कालेज की छात्राओं ने पारंपरिक परिधान में डांडिया और गरबा की धुनों पर जमकर नृत्य किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां दुर्गा की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ की गयी। इसके बाद गुजराती और बॉलीवुड गरबा गीतों पर डांडिया की खनक और उत्साह के बीच प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। कालेज की डायरेक्टर प्रतिशिखा शर्मा ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि डांडिया और गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति, सामूहिकता और नारी शक्ति के उत्सव का जीवंत प्रतीक हैं।
कार्यक्रम में मिसेज उत्तराखंड क्वीन 2026 रजनी मलिक, मशहूर कोरियोग्राफर और कलाकार बंटी डांसर, अंकिता शर्मा, विनीता गौनियाल, विभा गर्ग, कनिका शर्मा, इशिता अरोड़ा, मोनिका अरोड़ा, सलोनी, अंशुल, बबीता चौहान, राजबाला, सोनिया माही, पारुल, कमला जोशी, सुनीता जोशी, रश्मि चौहान, शुभांगिनी शर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न व उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।




