शहर की सजावट के साथ सनातन परंपरा और कुंभ की पवित्रता पर भी ध्यान दिया जाए-पंडित अधीर कौशिक
हरिद्वार, 22 अक्टूबर। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर अर्द्धकुंभ मेले के दौरान कुंभ क्षेत्र में मांस मंदिरा की बिक्री व सेवन पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाये जाने की मांग की है। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि अर्द्धकुंभ की तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
कुम्भ नगरी को सजाने संवारने के लिए करोडो रूपये का बजट निर्धारित किया गया है। कुंभ नगरी की सजावट के साथ सनातन परंपरा और कुंभ की पवित्रता बनाए रखने के लिए हरिद्वार कुंभ क्षेत्र में मांस, मदिरा और सूखे नशे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। लेकिन इस और न तो राज्य सरकार और न ही स्थानीय प्रशासन की तरफ से कोई ध्यान दिया जा रहा है। पंडित अधीर कौशिक ने कहा कि वर्तमान में शहर में जगह-जगह शराब और मांस मंदिरा की बिक्री और सेवन किया जा रहा है।
ऑन लाईन भी मांस और मदिरा घर-घर पहुंच रहे हैं। जो सनातन परम्परा के बिलकुल विपरीत है और सनातनियों के लिए चिन्ता का विषय है। इसके अलावा में ड्रग्स व नशीले इंजेक्शन की बिक्री भी खुलेआम हो रही है। जिससे युवा पीढ़ी बर्बादी के कगार पर पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि कुम्भ पर्व की पवित्रता बनाये रखने के लिए हरिद्वार कुम्भ क्षेत्र में मांस-मंदिरा और नशे पर पूर्ण प्रतिबन्ध लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि संगठन की मांग है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अर्द्धकुंभ अवधि के दौरान हरिद्वार धर्मनगरी में मांस, मंदिरा व नशीले पदार्थाे की बिक्री और सेवन पर पूरी प्रतिबन्ध लगाये जाने के लिए अधिसूचना जारी करें। इस दौरान कोतवाल कमल मुनि, रवि चेतन, सुबोधानंद,रमेशानंद,पवनकृष्ण शास्त्री, स्वामी कार्तिक, गौरव, ऋषि, कपिलानंद आदि मौजूद रहे।




