हरिद्वार, 25 अक्टूबर। ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल समेत गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गयी मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में घूम रहा था। कृष्णा विहार कालोनी डेंसो चौक निवासी शुभम ने थाना पुलिस को तहरीर देकर मोटरसाइकिल चोरी का मुकद्मा दर्ज कराया था।
मामले की विवेचना कर रहे एसआई इंद्रजीत सिंह राणा ने पुलिस टीम के साथ चेकिंग के दौरान गणेश विहार जाने वाले रास्ते पर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध को रूकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान दीपक पुत्र मन्नू सिंह निवासी सलेमपुर के रूप में हुई। उसने बताया कि वह चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए जा रहा था।




