तनवीर
हरिद्वार, 28 मार्च। उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन द्वारा प्रथम ऑल इंडिया ओपन हरिद्वार क्लासिकल शतरंज टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के अध्यक्ष डा.मुकुल बेंजवाल ने बताया कि चार व पांच अप्रैल को भूपतवाला स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट में आयोजित किए जा रहे टूर्नामेंट में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भाग लेंगे। प्रतियोगिता सात राउंड स्विस प्रणाली के अंतर्गत होगी। जिसमें प्रत्येक खिलाड़ी को तीस मिनट का मुख्य समय तथा प्रत्येक चाल पर तीस सेकंड की वृद्धि दी जाएगी। टूर्नामेंट के लिए एक लाख रूपए की पुरूस्कार राशि तय की गयी है।
मुकुल बेंजवाल ने बताया कि ओपन वर्ग के अतिरिक्त महिला, वरिष्ठ नागरिक, अनरेटेड खिलाड़ियों तथा विभिन्न जूनियर आयु वर्गों के लिए भी पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। टूर्नामेंट संचालन एवं तकनीकी व्यवस्था की जिम्मेदारी उत्कर्ष स्पोर्ट्स फेडरेशन के सचिव सीनियर नेशनल आर्बिटर राहुल बत्रा संभालेंगे। मुकुल बेंजवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य हरिद्वार एवं आसपास के क्षेत्र में शतरंज के खेल को बढ़ावा देना तथा खिलाड़ियों को क्लासिकल प्रारूप में उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान करना है।
जिससे वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के आयोजन में स्थानीय खेल प्रेमियों का सहयोग भी मिल रहा है। विशेष रूप से शेप-अप फिटनेस जिम के मालिक सौरव सिंह द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने हेतु सराहनीय सहयोग दिया जा रहा है।


