श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव शुरू

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
हरिद्वार, 15 मार्च। श्री भगवानदास आदर्श संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित किए जा रहे त्रिदिवसीय वार्षिकोत्सव का रविवार को शुभारम्भ किया गया। 15 से 17 मार्च तक चलने वाले वार्षिकोत्सव में क्रिकेट, बैडमिंटन, दौड़, योगासन एवं संस्कृत भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 17 मार्च को अखिल भारतीय संस्कृत शोध सम्मेलन, प्रतियोगिताओं के परिणाम एवं पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन होगा। उद्घाटन सत्र में महाविद्यालय की प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रो.यशवीर सिंह ने प्रतिभागियों को आशीर्वाद दिया।

कार्यक्रम में महामण्डलेश्वर स्वामी रूपेंद्र प्रकाश, गुरूकुल कांगड़ी विवि के कुलसचिव प्रो.सत्यदेव निगमालंकार, उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद के उपनिदेशक डा.वाजश्रवा आर्य तथा आचार्य नवीन पन्त मौजूद रहे। स्वामी रूपेंद्र प्रकाश ने कहा कि महाविद्यालय शिक्षा के साथ संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. रवीन्द्र कुमार ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। वार्षिकोत्सव का औपचारिक शुभारम्भ क्रिकेट प्रतियोगिता के रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर शिक्षक, कर्मचारी एवं विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *