राकेश वालिया
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने किया भू कानून का स्वागत
हरिद्वार, 23 फरवरी। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने उत्तराखंड में नया भू कानून लागू करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है। श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज ने सख्त भू-कानून लागू किए जाने का स्वागत करते हुए प्रदेश की धामी सरकार को साधुवाद और आशीर्वाद देते हुए कहा कि भू-कानून से पहाड़ों की पलायन की समस्या दूर होगी। पहाड़ों में जमीन बेची जा रही थी।
जमीन की गलत तरीके से खरीद फरोख्त पर रोक लगने से पहाड़ों पर कृषि को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि भू कानून लागू होने से उत्तराखंड की संस्कृति का सरंक्षण होगा। राज्य के मूल स्वरूप की रक्षा होगी। राज्य भूमाफियाओं के चंगुल में जाने से बचेगा। पर्वतीय जनपदों में डेमाग्राफी चेंज पर भी रोक लगेगी।
श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने हरिद्वार और उधम सिंह नगर को भू कानून से बाहर रखे जाने का भी स्वागत किया और कहा कि हरिद्वार और उधम सिंह नगर को भू-कानून से बाहर रखे जाने से दोनों जनपदों में औद्योगिकीकरण बढ़ेगा। इंडस्ट्री लगने से प्रदेश में विकास की नई बयार बहेगी। युवाओं को रोजगार मिलेगा।