तनवीर
हरिद्वार, 9 सितम्बर। गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष डा.राजेंद्र अंथवाल को हिंदू सुरक्षा सेवा संघ का प्रदेश संरक्षक मनोनीत किया गया है। सोमवार को हिंदू सुरक्षा संघ की प्रदेश कार्यकारिणी ने प्रदेश अध्यक्ष मोनू सनातनी के नेतृत्व में डामकोठी में डा.राजेंद्र अंथवाल से भेंटकर फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया और संगठन की और से दायित्व सौंपा। साथ ही उन्हें संगठन का संकल्प पत्र एवं उद्देश्य पत्र भी भेंट किया।
मोनू सनातनी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास महाराज के निर्देशानुसार डा.राजेंद्र अंथवाल को हिंदू सुरक्षा सेवा संघ को उत्तराखंड प्रदेश संरक्षक पद प्रदान किया गया है।
मोनू सनातनी ने कहा कि इस दौरान डा.अन्थवाल के साथ गौ रक्षा एवं संवर्धन पर चर्चा करते हुए उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश में गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, गौसंवर्धन योजनाओं और गौवंश संरक्षण केंद्रों की स्थापना पर चल रहे कार्यों को साझा किया गया। साथ ही भविष्य में गौ-अभ्यारण की स्थापना कर आवारा गौवंश को आश्रय देने और उनका वैज्ञानिक संरक्षण करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। कहा कि उत्तराखंड को गौ सेवा मॉडल प्रदेश के रूप में विकसित करने की दिशा में समाज और सरकार का संयुक्त सहयोग आवश्यक है।
डा.अन्थवाल ने संगठन के प्रतिनिधियों से बात करते हुए कहा कि गौ माता आस्था के साथ हमारे जीवन, कृषि और पर्यावरण का आधार हैं। हम सबका उद्देश्य है कि उत्तराखंड में गौ संरक्षण सशक्त हो। उत्तराखंड सरकार द्वारा धार्मिक पर्यटन, मंदिर मार्गों के विकास, और तीर्थ स्थलों पर सेवा सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। संगठन के गौरव शर्मा ने कहा हिंदू सुरक्षा सेवा संघ डा.राजेंद्र अन्थवाल के संरक्षण में समाज और धर्म के लिए अधिक सशक्त भूमिका निभाएगा। गौ सेवा, धर्म रक्षा और समाज सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मोनू सनातनी, विक्रांत शर्मा, विजेंद्र सिंह, गौरव शर्मा, देवेंद्र जौहरी, विकास चौहान, सौरभ शर्मा, रोहित गुप्ता, कपिल, अजय, जितिन माथुर, अश्वनि शर्मा, निखिल् शर्मा, प्रशान्त् शर्मा आदि मौजूद रहे।