तनवीर
हरिद्वार, 8 अप्रैल। पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में थाना श्यामपुर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 1 अप्रैल को चंडीघाट चौकी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों एवं मृतक के परिजनों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित कर दिया था। इस दौरान कुछ व्यक्तियों के पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए चौकी में तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में तत्कालीन चौकी प्रभारी एसआई नवीन चौहान ने कोतवाली श्यामपुर में 10 नामजद व 50-60 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कराया था।
मुकद्मा दर्ज करने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर श्यामपुर थानाध्यक्ष नितेश शर्मा द्वारा चंडीघाट चौकी प्रभारी एसआई संतोष सेमवाल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों सुबोध पुत्र बेचनराम, निवासी खत्ताबस्ती चण्डीघाट, सन्दीप पुत्र स्व.किशन निवासी ग्राम कांगड़ी श्यामपुर, सोनू उर्फ टुंडा पुत्र सन्तोष शर्मा निवासी दीनदयाल पार्किंग, गोविन्द शाह पुत्र गणेश शाह उर्फ चित्रा निवासी भीमगौड़ा खड़खड़ी हाल निवासी गाजीवाली श्यामपुर व रामबाबू उर्फ भूरा पुत्र जोगेन्द्र निवासी दीनदयाल पार्किंग को गिरफ्तार कर लिया। चंडीघाट चौकी प्रभारी एसआई संतोष सेमवाल के साथ कांस्टेबल अनिल रावत व राजवीर सिंह शामिल रहे।


