तनवीर
हरिद्वार, 12 जुलाई। केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो राजभाषा विभाग नई दिल्ली के सौजन्य से बीएचईएल में आयोजित अनुवाद प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हो गया। 8 जुलाई से 12 जुलाई तक मानव संसाधन विकास केंद्र में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 31 कर्मचारियों ने भाग लिया तथा अंग्रेजी से हिंदी अनुवाद के गुर सीखे। कार्यक्रम के समापन पर महाप्रबंधक (एमएम, पीपीएक्स-बीओआई) संजीव कुमार गुप्ता ने प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर संजीव कुमार गुप्ता ने सभी को, सरकारी कार्य हिंदी में करने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही उन्होंने कार्यस्थलों पर प्रयोग में आने वाले तकनीकी कार्य अनुदेशों आदि का हिंदी में अनुवाद करने पर भी जोर दिया। केंद्रीय अनुवाद ब्यूरो से संकाय के रूप में आई सहायक निदेशक लेखा सरीन एवं कुसुम शर्मा झा ने प्रशिक्षण के दौरान राजभाषा नीति, कार्यालयी अनुवाद, अनुवाद की प्रक्रिया, सूचना प्रौद्योगिकी और अनुवाद संबंधित तकनीकों आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
8 जुलाई को उद्घाटन सत्र में एचआरडीसी प्रमुख गुंजन शुक्ला तथा अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन पार्थ सारथी गौड़ा ने भाग लिया एवं अपने विचार रखे। वरिष्ठ उप महाप्रबंधक राजभाषा हरीश सिंह बगवार ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन शशी सिंह उप प्रबंधक राजभाषा ने किया। इस अवसर पर राजभाषा विभाग एवं एचआरडीसी के सदस्य उपस्थित रहे ।


