ब्यूरो
एमएसपी पर गारंटी सहित किसानों से किए सभी वादों को पूरा करे केंद्र सरकार-मानसिंह
हरिद्वार, 3 जून। अलकनंदा घाट पर आयोजित भारतीय किसान श्रमिक जनशक्ति यूनियन के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन एवं चिंतन शिविर में विभिन्न राज्यों से पहुंचे किसानों ने मंच के माध्यम से अपनी समस्याओं को रखा। इस दौरान यूनियन की और से राष्ट्रपति के नाम 23 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन भी प्रेषित किया गया। अधिवेशन एवं चिंतन शिविर को संबोधित करत हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष मानसिंह ने कहा कि 4 वर्ष बीत जाने के बाद भी केंद्र सरकार किसानों से किए गए वादों को पूरा नहीं कर रही है।
सरकार को किसान हित में लंबित मांगों को जल्द से जल्द लागू करना चाहिए। मानसिंह ने कहा कि एमएसपी पर गठित समिति एवं उसका घोषित एजेंडा किसानों द्वारा प्रस्तुत मांगों के विपरीत है। समिति को किसानों के हित में रद्द किया जाना चाहिए। एमएसपी पर गठित समिति का पुर्नगठन किया जाए। समिति में किसानों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए। केंद्र सरकार को अपने वादे के अनुसार एमएसपी पर फसलों की खरीद की गांरटी को लागू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि निजीकरण के करण देश के शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं।
केंद्र व राज्य सरकारों के विभागों में रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए किसानों का कर्ज माफ किया जाए। मिलों पर किसानों के बकाए का तत्काल भुगतान किया जाए। किसानों आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रही है। न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी, संपूर्ण कर्ज मुक्ति सहित किसानों की सभी मांगों को पूरा किया जाए। किसानों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए केंद्र व राज्य सरकारों को तत्काल कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसान हित में यूनियन का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। चिंतन शिविर के माध्यम संघर्ष की दिशा तय कर संघर्ष को आगे बढ़ाया जाएगा।