तनवीर
हरिद्वार/देहरादून, 23 सितंबर : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी खालिद को हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। खालिद पर आरोप है कि उसने परीक्षा के तीन पन्नों को लीक किया।
पुलिस की बड़ी सफलता
पुलिस को सूचना मिली थी कि खालिद लक्सर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद एसओजी टीम ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया। खालिद तीन दिनों से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को गुमराह कर रहा था। इस गिरफ्तारी को इस मामले में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।
जांच और पूछताछ जारी
गिरफ्तारी के बाद खालिद को देहरादून ले जाया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से पूरे पेपर लीक रैकेट का पर्दाफाश होगा।
साबिया पहले ही हिरासत में
इससे पहले पुलिस ने सोमवार को खालिद की बहन साबिया को हिरासत में लिया था। जांच में खुलासा हुआ कि खालिद ने परीक्षा के दौरान टॉयलेट में जाकर प्रश्न पत्र की फोटो खींची और उसे बाहर भेजा। इसके बाद प्रश्न पत्र की तस्वीरें साबिया तक पहुंचीं, और फिर इसे अन्य आरोपियों तक भेजा गया।
परीक्षा की सुरक्षा पर सवाल
जांच में यह भी पता चला है कि जिस परीक्षा केंद्र से प्रश्न पत्र बाहर आया, वहां जैमर बंद थे। परीक्षा केंद्र के तैनात कर्मचारीयो से भी पुलिस जानकारियां जुटा रही है।पुलिस ने इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
कैसे पहुंचा परीक्षाकेंद्र में आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि खालिद परीक्षा केंद्र बहादुरपुर जाट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज में पीछे की दीवार फांदकर दाखिल हुआ और अपने जूते की जुराब में मोबाइल छिपाकर अंदर ले गया।


