तनवीर
हरिद्वार, 31 अक्तूबर। कूड़ा उठाने के लिए नियुक्त की गयी फर्म द्वारा कूड़ा नहीं उठाने पर नगर निगम ने फर्म पर 50 हजार रूपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही भविष्य में लापरवाही सामने आने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
नगर क्षेत्र में शुक्रवार को आयोजित होने वाली विभिन्न रैलियों को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा विशेष सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। सफाई कार्य के लिए नियुक्त दोनों फर्मों को बाजार क्षेत्र में रात में कूड़ा उठवाने तथा सवेरेः 6 बजे तक कूड़ा उठाने वाली सभी गाड़ियां फील्ड में उतारने के निर्देश दिए थे।
शुक्रवार सवेरे अब निगम के अधिकारियों ने निरीक्षण किया तो पाया कि तुलसी चौक से शिव मूर्ति होते हुए हर की पैड़ी तक इकॉन वाटरग्रेस फर्म द्वारा कूड़ा नहीं उठाया गया। सुबह 8 बजे तक भी कूड़ा उठाने का कार्य शुरू नही होने पर नगर निगम प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए फर्म पर 50 हजार रूपए का जुर्माना लगाया है। उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी ने बताया कि सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि संबंधित फर्म को भविष्य में ऐसी स्थिति होने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है।


