तनवीर
हरिद्वार। जीआरपी ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक शातिर जहरखुरान को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी इतना शातिर था कि किसी को शक न हो, इसके लिए वह वारदात के समय अपनी 5 साल की मासूम बच्ची को साथ रखता था। पुलिस ने आरोपी के पास से नशीली गोलियां और चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है।सफलता पर जीआरपी कप्तान अरुणा भारती ने पुलिस टीम को 2500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
जीआरपी कप्तान अरुणा भारती ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा करते हुए बताया कि
सहारनपुर निवासी आरोपी नीटू (36 वर्ष) बेहद शातिर किस्म का अपराधी है। वह रेलवे स्टेशन पर ऐसी बुजुर्ग महिलाओं को चुनता था जो अकेली हों या अपने वृद्ध पति के साथ हों। विश्वास जीतने के लिए वह अपनी छोटी बच्ची को आगे करता और लच्छेदार बातों में फंसाकर उन्हें चाय ऑफर करता था। पहले वह खुद और अपनी बच्ची को चाय पिलाता, फिर नशीली दवा मिली चाय महिला को दे देता था। महिला के बेहोश होते ही वह गहने और नकदी लेकर फरार हो जाता था।
बीते कुछ महीनों में हरिद्वार और लक्सर क्षेत्र में जहरखुरानी की कई घटनाएं सामने आई थीं। जीआरपी पुलिस ने इन मामलों को सुलझाने के लिए लगभग 800 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक ही कद-काठी का संदिग्ध नजर आने पर पुलिस ने जाल बिछाया। शुक्रवार सुबह जब वह दोबारा शिकार की तलाश में हरिद्वार स्टेशन पहुंचा, तो मुखबिर की सूचना पर टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी के साथ मौजूद उसकी बच्ची को पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जीआरपी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने 20 जनवरी 2026 को लक्सर निवासी एक महिला को नशीली चाय पिलाकर कुंडल और पाजेब लूटे थे। इससे पहले अक्टूबर 2025 में बरेली की एक महिला और जुलाई 2025 में सहारनपुर की महिला को भी शिकार बनाया था। जीआरपी कप्तान अरुणा भारती ने बताया कि आरोपी केवल पांचवीं पास है, लेकिन बहुत शातिर तरीके से पुलिस को चकमा दे रहा था। पुलिस ने आरोपी को मेडिकल के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। टीम में जीआरपी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक, एसआई प्रमोद कुमार, एसआई प्रीति, एसओजी प्रभारी संजय शर्मा समेत अन्य शामिल रहे।


