फर्जी दस्तावेजों के सहारे हरिद्वार में रह रही बांग्लादेशी महिला को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Crime
Spread the love

तनवीर
फर्जी दस्तावेज बनाने में मददगार को भी पुलिस ने दबोचा
हरिद्वार, 9 अप्रैल। ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे हरिद्वार में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के कब्जे से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट और नेशनल आईडी कार्ड भी बरामद किया गया है। फर्जी दस्तावेज बनाने में महिला की मदद करने वाले मूलरूप से छत्तीसगढ़ निवासी आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकद्मा दर्ज करने के साथ पुलिस ने पूरे मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

रोशनाबाद स्थित पुलिस कार्यालय में पत्रकारवार्ता के दौरान मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत 8 अप्रैल को कोतवाली ज्वालापुर पुलिस और एलआईयू टीम ने सत्यापन अभियान के दौरान वैष्णवी एन्क्लेव निकट रामानन्द इन्सटिट्यूट ज्वालापुर के पास से नाम बदलकर अन्य व्यक्ति के साथ रह रही एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से बांग्लादेश मूल का पासपोर्ट व नेशनल आईडी कार्ड बरामद किए। सख्ती से पूछताछ करने पर स्वीटी नाम से रह रही महिला ने बताया कि उसका असल नाम सहेला बेगम निवासी कुमीला बांग्लादेश है।

पहले पति अमीर हमजा के छोड़ देने और आर्थिक स्थिति बहुत ज्यादा खराब होने पर वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए श्यामदास की सलाह मान कर वह भारत आयी। भारत में 90 दिन का स्टे समाप्त होने पर वह श्यामदास के साथ दिल्ली में रही। कुछ समय बाद दोनो हरिद्वार आ गये जहां उसने श्यामदास की मदद से फर्जी दस्तावेज आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेन्स, भारतीय पासपोर्ट तथा मैरिज सर्टिफिकेट बनवा लिए। इसके बाद पुलिस ने बांग्लादेशी महिला को शरण देने और फर्जी दस्तावेज बनाने में मददगार श्यामदास पुत्र छेदी दास निवासी ग्राम खरकेना थाना हिरी जिला विलासपुर छत्तीसगढ़ हाल निवासी वैष्णवी इन्कलेव रामानन्द कालेज के पास ज्वालापुर हरिद्वार को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस टीम में ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकार, बाजार चौकी प्रभारी एसआई अंशुल अग्रवाल, महिला एसआई सोनल रावत, कांस्टेबल मनोज डोभाल व देवेंद्र कुमार तथा एलआई उपनिरीक्षक सुरेश शाह व हेडकांस्टेबल मंशाराम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *