मुख्यमंत्री का विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Haridwar News
Spread the love

ब्यूरो


हरिद्वार, 27 सितम्बर। हरिद्वार आए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विरोध करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोंकझोंक भी हुई।
जीएसटी बचत उत्सव कार्यक्रम के तहत शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरकी पैड़ी के आसपास के बाजारों में व्यापारियों से मुलाकात करने पहुंचे थे।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री का विरोध करते हुए गौ बैक, कारिडोर पर जवाब दो, जीएसटी की लूट का हिसाब दो के नारे लगाते हुए हरिद्वार मंडी चौक से हरकी पैड़ी की तरफ कूच करने लगे। अचानक हुए विरोध प्रदर्शन के चलते पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तीखी नोंकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस लाइन ले गयी।
इस दौरान महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ अध्यक्ष मुरली मनोहर ने कहा कि धामी सरकार पूरी तरह विफल हो गई है। लगातार पेपर लीक की घटनाएं हो रही है और सरकार तमाशबीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जब तक धामी सरकार पेपर लीक मामले की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच नहीं कराती, कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री धामी जीएसटी छूट के नाम कर हरिद्वार की जनता को गुमराह करने आ गए।

लेकिन भाजपा सरकारों द्वारा 2017 से अब तक जीएसटी के नाम पर देश की गरीब जनता से 127 लाख करोड़ की लूट की गई, उसका जवाब और हिसाब कौन देगा। इतना ही उन्होंने कहा कि कॉरिडोर पर भी सीएम को हरिद्वार के व्यापारियों को जवाब देना होगा।
पूर्व पार्षद राजीव भार्गव और मध्य हरिद्वार ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पेपर लीक होने से युवाओं में भारी आक्रोश है। कॉरिडोर को लेकर हरिद्वार के व्यापारियों में भाजपा के खिलाफ आक्रोश व्याप्त है। यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना और महानगर अध्यक्ष तुषार कपिल ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। अपराधियों में सरकार का खौफ खत्म हो गया है। पेपर माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड के नौजवान भाजपा सरकार को सबक सिखाने का काम करेंगे।
पार्षद हिमांशु गुप्ता और सोहित सेठी ने कहा कि धामी सरकार में पेपर लीक से युवाओं का भविष्य अंधकारमय है, जीएसटी के नाम पर व्यापारियों को गुमराह किया जा रहा है। पार्षद विवेक भूषण विक्की और पार्षद प्रतिनिधि ऋषभ वशिष्ठ ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी को व्यापारियों के समक्ष जीएसटी की लूट पर जवाब देना होगा। युवा नेता अजय गिरी और पूर्व अध्यक्ष यूथ कांग्रेस नितिन तेश्वर ने कहा कि भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशानियों से जूझ रहा है। गिरफ्तारी देने वालों में यूथ कांग्रेस महासचिव शुभम जोशी, अनंत पाण्डेय, मोहित गर्ग, मोहित अरोड़ा, सत्यम शर्मा, राधेश्याम राठौड़, गौरव गोस्वामी, विपुल गोस्वामी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *