दो वर्षीय बालिका के अपहरणकर्ता को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Crime
Spread the love

तनवीर
आरोपी ने भीख मंगवाने के इरादे से किया था बालिका का अपहरण
हरिद्वार, 23 फरवरी। कोतवाली नगर पुलिस ने तुलसी चौक पर फुटपाथ पर मां के साथ सो रही दो वर्षीय बालिका के अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नशे का आदी है और भीख मंगवाने के इरादे से बालिका का अपहरण किया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो सहित संबंधित धाराओं में मुकद्मा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी ने 19 फरवरी की रात बालिका का अपहरण कर लिया था।

बालिका की मां सोनी की सूचना पर तत्काल पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस की सक्रियता से घबराकर आरोपी बालिका को ऋषिकुल तिराहे के पास लावारिस अवस्था में छोड़कर फरार हो गया था। बालिका को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। बालिका की सकुशल बरामदगी के बाद आरोपी की तलाश शुरू की गयी। विवेचना के दौरान नाबालिग के अपहरणकर्ता की पहचान रवि कुमार पुत्र सुरेश कुमार निवासी निकट राधाकृष्ण आश्रम सोनी ज्वैलर्स के पास ज्वालापुर के रूप में हुई।

जिसे रविवार की रात श्रीराम घाट के सामने पार्क के पास नहर पटरी मायापुर से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह नशे का आदी है और किसी दूसरे शहर में ले जाकर भीख मंगवाने के इरादे से उसने बालिका को उठाया था। लेकिन पुलिस चेकिंग देखकर वह डर गया और बालिका को ऋषिकुल तिराहे पर छोड़कर फरार हो गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *