तनवीर
अवैध संबंध छिपाने के लिए पत्नि और नाबालिग बेटी ने की थी बबलू की हत्या
हरिद्वार, 4 अप्रैल। कोतवाली श्यामपुर पुलिस और सीआईयू टीम ने बबलू आत्महत्या प्रकरण का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में मामला हत्या का निकलने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नि को गिरफ्तार करने के साथ नाबालिग बेटी को संरक्षण में ले लिया है। अवैध संबंध छिपाने के लिए पत्नि और नाबालिग बेटी ने मिलकर बबलू की हत्या कर दी थी। पुलिस घटना में पत्नि के कथित प्रेमी और एक अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच कर रही है। एसपी सिटी अभय सिंह ने प्रैसवार्ता में घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 2 अप्रैल को लाहड़पुर निवासी महिला पूजा ने कोतवाली श्यामपुर पुलिस को सूचना दी कि उसके पति बबलू ने रात में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पहली नजर में मामला संदिग्ध लगने पर मौके की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कराने के साथ साक्ष्य इकठ्ठा कर पंचनामा भरने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके बाद मृतक के भाई राजू ने भाई की पत्नि, बेटी व एक अन्य व्यक्ति पर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया। शिकायत के आधार हत्या का मुकद्मा दर्ज करने के बाद जांच पड़ताल करते हुए आस पड़ोस के लोगों से जानकारी जुटाने व इलैक्ट्रॉनिक सबूत इकट्ठा करने पर सामने आए तथ्यों के आधार पर मृतक के बच्चों से जानकारी की गयी तो मृतक के बेटे ने बताया कि उसकी मां और बहन ने रात में तकिए से मुंह दबाकर पापा की हत्या की है।
इसके बाद मृतक की पत्नी व नाबालिक बेटी से पूछताछ की गयी तो उन्होंने बताया कि उनके अन्य लोगों से अवैध सम्बन्धों की जानकारी होने पर बबलू के शराब पीकर मारपीट करने के चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान बनाया। घटना के दिन उन्होंने बबलू को पहले शराब में नीद की दवाई पिलाकर सुला दिया और फिर चारपाई में दुपट्टों से हाथ पैर बांध तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या छिपाने की नियत से दोनों ने लाश को दूसरे कमरे की चारपाई में शिफ्ट किया और लाश के मुंह में सल्फास का घोल डाल कमरे को बंद कर दिया।
अगली सुबह आरोपी पत्नी ने अपने पति के रात में झगड़ा कर कही चले जाने और रात में ही किसी समय आकर जहर खा आत्महत्या करने की कहानी पुलिस को सुनायी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पत्नी व नाबालिग बेटी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सल्फास का पैकेट, शराब का खाली पाऊच, शराब पीने के लिए प्रयुक्त स्टील का गिलास, घटना में प्रयुक्त दुपट्टे व तकिया बरामद कर लिया।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र गौड, सुदेश खरोला, मनमोहन सैनी, महिला कांस्ेटबल रेशमा सुल्ताना, माधुरी, चालक मोहन सिहं रावत, महिला होमगार्ड रीना रानी एवं सीआईयू कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।


