मेडिकल स्टोर संचालक के साथ चेन लूट की घटना का पुलिस ने किया खुलासा

Haridwar News
Spread the love

तनवीर
एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
चाकू और लूटी गयी चेन का टुकड़ा बरामद

हरिद्वार, 26 मार्च। शिवालिक नगर मे मेडिकल स्टोर संचालक के साथ हुई चेन लूट की घटना का पर्दाफाश करते हुए रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटी गयी चेन का हिस्सा और तमंचा बरामद हुआ है। घटना में शामिल एक आरोपी फरार है। जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देते हैं।

23 मार्च को शिवालिक नगर निवासी सत्यशील वत्स ने रानीपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए ग्राहक बन कर दुकान में आए युवक द्वारा गले में पहनी सोने की चेन छीन ले जाने के संबंध में मुकद्मा दर्ज कराया था। पुलिस को दी तहरीर में सत्यशील वत्स ने बताया कि वे शिवालिक नगर में शील फार्मेसी के नाम से मेडिकल स्टोर चलाते हैं। दो युवक मोटरसाइकिल से दुकान पर आए। एक युवक बाइक पर बैठा रहा। दूसरा युवक ग्राहक बनकर दुकान में आया और सामान लेने के बहाने झपट्टा मारकर उनके गले की सोने की चेन छीन ली।

पीछा करने पर दोनों युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से फरार हो गए। मुकद्मा दर्ज करने के बाद एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस और सीआईयू टीम ने जांच पड़ताल करते हुए मुखबिर की सूचना पर 25 मार्च को बीएचईएल तिराहा बहादराबाद के पास से एक आरोपी अनमोल गर्ग पुत्र रजनीश गर्ग निवासी गांधी नगर थाना नई मंडी जनपद मुजफ्फरनगर उ.प्र. को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक चाकू व एक लूटी गयी चैन का टुकडा बरामद कर लिया। कोतवाली प्रभारी आशुतोष सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अनमोल गर्ग शातिर अपराधी एवं गैंगस्टर है, अनमोल और उसका साथी आशीष उर्फ पगला निवासी बुराड़ी दिल्ली मुजफ्फरनगर क्षेत्र में लूट, चैन स्नैचिंग जैसी कई घटनाओं में शामिल रहे हैं।

23 मार्च को दोनों मुजफ्फरनगर से हरिद्वार आये और शिवालिक नगर क्षेत्र में रैकी करने के बाद अंधेरा होने पर मेडिकल स्टोर स्वामी को निशाना बनाते हुए चेन लूट की घटना को अन्जाम दिया। अनमोल गर्ग पूर्व में थाना मण्डावर जनपद बिजनौर से हत्या के मामले में जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर था। पूछताछ में उसने बताया है कि वह और उसका साथी आशीष नशे के आदी हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से अपराध करते हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फरार आशीष उर्फ पगला की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी आशुतोष राणा, गैस प्लांट चौकी प्रभारी एसआई विकास रावत, एएसआई सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल दीप गौड़, अर्जुन रावत, मंजीत राणा, सीआईयू प्रभारी नरेन्द्र सिंह बिष्ट व कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *