विडियो:-अपहृत दो वर्षीय बच्ची को पुलिस ने किया सकशुल बरामद

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


फुटपाथ पर माता पिता के साथ सो रही थी बच्ची
पुलिस की सक्रियता देखकर बच्ची को छोड़कर फरार हुए युवक की तलाश में जुटी पुलिस

हरिद्वार, 20 फरवरी। नगर कोतवाली क्षेत्रांर्गत तुलसी चौक से अपहृत हुई दो साल की बच्ची को पुलिस ने चार घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। बरामद करने के बाद बच्ची को उसके माता पिता के सुर्पुद कर दिया गया। बच्ची के सकुशल मिलने पर माता पिता ने पुलिस का आभार जताया है। बच्ची का परिवार उत्तर प्रदेश के हरदोई का रहने वाला है और घाटों पर भिक्षा मांगकर गुजर बसर करता है। बृहष्पतिवार की रात बच्ची अपने माता पिता के साथ तुलसी चौक के फुटपाथ पर सो रही थी।

इसी दौरान वहां आया एक व्यक्ति बच्ची को उठाकर ले गया। जब माता पिता को इसका पता चला तो उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसएसपी नवनीत सिंह ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट व सीआईयू की पांच टीमों का गठन करते हुए बच्ची की जल्द सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस टीमों को अलर्ट करते हुए जनपद के संवेदनशील स्थान, बॉर्डर, बस अड्ड़े व रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध गतिविधियों की जांच शुरू की गयी।

बच्ची की बरामदगी के लिए जांच पड़ताल में जुटी टीमों ने पचास से अधिक सीसीटीवी चेक किए। एक सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बच्ची को गोद में उठाए देवपुरा चौक से ऋषिकुल चौक की और जाता हुआ दिखा। सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने ऋषिकुल चौक बस स्टॉप के पास लावारिस हालत में बच्ची को बरामद कर लिया। सीसीटीवी फुटेज में बच्ची को उठाकर ले जा रहे व्यक्ति का चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं देने पर पुलिस टीमें जुटाए गए सबूतों को जोड़कर अपहरणकर्ता की तलाश कर रही हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस की सक्रियता को देखकर बच्ची को छोड़कर फरार हुए आरोपी को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *