तनवीर
भाजपा कार्यकर्त्ताओं व क्षेत्रवासियों ने डीएफओ व उप प्रभागीय वन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर की बंदरों व लंगूरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग
हरिद्वार, 14 अक्तूूबर। तीर्थनगरी हरिद्वार में वन क्षेत्र से आबादी वाले क्षेत्र में आकर बंदर व लंगूर क्षेत्रवासियों को काटकर घायल कर रहे हैं। बंदरों के झुंड के आतंक से क्षेत्रवासी बेहाल हैं। बंदरों व लंगूरों की रोकथाम हेतु भाजपा कार्यकर्त्ताओं व क्षेत्रवासियों ने भाजपा नेता अनिरूद्ध भाटी व पार्षद सचिन कुमार के नेतृत्व में डीएफओ व उप प्रभागीय वन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर बंदरों व लंगूरों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की।
भाजपा नेता पूर्व पार्षद अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि तीर्थनगरी के उत्तरी हरिद्वार में लगभग 50 हजार की जनसंख्या निवास करती है। साथ ही प्रतिदिन हजारों तीर्थयात्री गंगा स्नान व मंदिरों के दर्शन व आश्रमों, धर्मशालाओं में निवास हेतु उत्तरी हरिद्वार में आते हैं। वर्तमान में स्थानीय निवासियों के साथ-साथ तीर्थयात्री भी बढ़ती बंदरों व लंगूरों की संख्या से परेशान हैं। जंगलों में फलदार वृक्षों के अभाव व दूसरे शहरों से नगर पालिकाओं द्वारा बंदर व लंगूर पकड़ हरिद्वार सीमा पर छोड़ने के चलते उत्तरी हरिद्वार में अराजक हिंसक बंदर व लंगूर प्रतिदिन वन क्षेत्र से निकल कर आबादी वाले क्षेत्र में बच्चों, वृद्धों व महिलाओं पर घर में घुसकर ही हमला कर रहे हैं। बंदरों व लंगूरों के हमले में अनेकों क्षेत्रीय नागरिक घायल व चोटिल हो चुके हैं। यही नहीं स्थानीय निवासियों का छत्त पर जाना व गलियों में निकलना भी दुश्कर हो रहा है।
विशेषकर मुखिया गली, आदर्श नगर, पावन धाम मार्ग, त्यागी आश्रम गली, दुर्गानगर, कैलाश गली, इन्द्रा बस्ती, कोरादेवी कॉलोनी, कृष्णा गली, कुंज गली, बसंत गली, हिल बाईपास मार्ग, रामगढ़ में बंदरों का आतंक व्याप्त है। उन्होंने कहा कि वन विभाग को जनहित में विशेष अभियान चलाकर उत्तरी हरिद्वार में बंदरों व लंगूरों को पकड़ कर जंगलों में छोड़ना व इनकी संख्या में पर लगाम लगाने हेतु इनके बधियाकरण की वैज्ञानिक रूप से व्यवस्था किया जाना अत्यन्त आवश्यक है।
पार्षद सचिन कुमार ने कहा कि ब्रह्मपुरी, काशीपुरा, बिल्वकेश्वर कॉलोनी, ललतारौ पुल आदि क्षेत्रों में प्रतिदिन बंदर क्षेत्रवासियों व तीर्थयात्रियों को काटकर घायल कर रहे हैं, जिसके चलते क्षेत्रवासियों व तीर्थयात्रियों में भय का माहौल व्याप्त है। स्कूली बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग को नगर निगम से समन्वय बनाकर बंदरों की रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाना चाहिए।
भाजपा नेता ललित सचदेवा व भाजयुमो के वार्ड अध्यक्ष आदित्य यादव ने संयुक्त रूप से कहा कि हिंसक बंदर क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गये हैं।
भीमगोडा ऑटो रिक्शा यूनियन के महामंत्री राघव ठाकुर ने कहा कि बंदरों के हमले से तीर्थयात्री भी सहमे हुए हैं। पिंजरे लगाकर शीघ्र ही बंदरों को पकड़वाना होगा।
डीफएओ की अनुपस्थिति में उप प्रभागीय वन अधिकारी पूनम कैन्थोला को ज्ञापन सौंपा गया। उप प्रभागीय वन अधिकारी पूनम कैन्थोला ने कहा कि नगर निगम से समन्वय कर शीघ्र ही समस्या का समाधान करवाया जायेगा।
इस अवसर पर मुख्य रूप से संजय पाल, संजय संतोषी, ललित सचदेवा, महेश गुप्ता, सुरेन्द्र ठाकुर, हंसराज आहूजा, एडवोकेट रमन यादव,सुखेन्द्र तोमर, रमाकांत शर्मा, राघव ठाकुर, विनित गिरि, आदित्य यादव, भारत नन्दा, विक्की प्रजापति, प्रदीप शर्मा, दिनेश शर्मा, गंगेश, शिवम यादव, राजेन्द्र यादव, सतीश पाल, रूपेश शर्मा, मनोज पाल, आशु आहूजा, विजय पाल, गोपी सैनी, नाथीराम प्रजापति, रोबिन, अमित कश्यप, भीम आदि क्षेत्रवासी व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


