तनवीर
हरिद्वार, 13 जून। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने मेयर एवं नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर स्वच्छता समितियों का गठन करने की मांग की है। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन के अध्यक्ष चैधरी चरण सिंह ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र का विस्तार किए जाने के बाद वार्डो की संख्या 30 से बढ़कर 60 हो गयी है। आबादी बढ़ने से निगम की सफाई व्यवस्था चरमरा गयी है। नगर निगम बनने से पहले नगर पालिका ने सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए समितियों का गठन किया गया था।
समितियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था में सुधार हुआ था। समितियों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में क्षेत्रवासियों की 50फीसदी हिस्सेदारी होने की वजह से सफाई व्यवस्था बेहतर थी। सफाई व्यवस्था के आधार पर समिति को विभिन्न श्रेणीयां प्रदान कर सम्मानित किया जाता था। जिससे समितियों में बेहतर सफाई प्रदान करने की प्रतिस्पर्धा रहती थी। चैधरी चरण सिंह ने कहा कि वर्तमान में सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने के बावजूद सफाई व्यवस्था बेहद लचर बनी हुई है। इसलिए पुनः स्वच्छता समितियों का गठन किया जाए। जिससे सफाई व्यवस्था बेहतर हो सके। पत्र प्रेषित करने वालों में ताराचंद, विद्यासागर गुप्ता, बाबूलाल सुमन, हरदयाल अरोड़ा, सुखबीर सिंह, एससीएस भास्कर, चैधरी चरण सिंह, श्याम सिंह, प्रेम भारद्वाज आदि संगठन पदाधिकारी व सदस्य शामिल रहे।