तनवीर
Haridwar shivratri news
कांवड़ मेला संपन्न होने पर डीएम और एसएसपी ने दक्ष मंदिर में किया जलाभिषेक
हरिद्वार, 23 जुलाई। सावन की शिवरात्रि पर श्रद्धालुओं ने विभिन्न शिवालयों में महादेव शिव का जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। जलाभिषेक के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी उमड़ पड़ी। बिल्केश्वर महादेव, नीलेश्वर महादेव, दक्ष महोदव मंदिर, तिल भांडेश्वर मंदिर, दरिद्र भंजन महादेव आदि पौराणिक शिवालयों में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ रही। कांवड़ मेला संपन्न होने पर डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी सिटी पंकज गैरोला व अन्य अधिकारियों ने हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन और दुग्धाभिषेक किया और दक्ष महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
गंगा जल लेने आए कांवड़ियों ने भी दक्ष महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक को संपन्न कराने के लिए पुलिस की और से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं में महिलाओं की अधिक संख्या को देखते हुए सभी मंदिरों पर महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार सावन में भगवान शिव अपनी ससुराल दक्ष महादेव मंदिर में विराजमान रहकर सृष्टि का संचालन करते हैं। जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए दक्ष महादेव मंदिर को रंग बिरंगी लाइटों से भव्य रूप से सजाया गया है।


