तनवीर
नगर निगम प्रशासन की लापरवाही से लघु व्यापारियों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ-संजय चोपड़ा
हरिद्वार, 30 नवम्बर। नगर निगम प्रशासन पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए लघु व्यापारियों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा के नेतृत्व में बिरला चौक से शहीद पार्क तक जुलूस निकालकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। लघु व्यापारियों ने नगर निगम प्रशासन पर उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से राज्य के सभी नगर निकायों में लघु व्यापारियों की शिकायतों के निवारण लिए समितियां गठित किए जाने की मांग भी की।
लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने कहा कि हरिद्वार नगर निगम प्रशासन की लापरवाही की वजह से लघु व्यापारियों को राष्ट्रीय आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पथ विक्रेता संरक्षण अधिनियम, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर आदि योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि लघु व्यापारियों की समस्याओं के निवारण के लिए उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के नियमानुसार शिकायत निवारण समितियों का गठन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा यदि नगर निगम प्रशासन द्वारा शीघ्र ही फेरी समिति की बैठक का आयोजन नहीं किया गया तो नगर निगम का घेराव किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष राजकुमार ने कहा फुटपाथ पर कार्य करने वाले लघु व्यापारियों की समस्याओं के निदान के लिए राज्य के सभी नगर निगम में फेरी समितियों का गठन किया जा चुका है। लेकिन समय पर फेरी समिति की बैठक नहीं होने के कारण लघु व्यापारियों का शोषण व उत्पीड़न हो रहा है जो की निंदनीय है। प्रदर्शन करने वालों में मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, सुमित कुमार, सुशांत, वीरेंद्र, चंदन सिंह रावत, मानसिंह, मोहनलाल, श्याम प्रकाश, विजय गुप्ता, आजम अंसारी, तस्लीम अहमद, नईम सलमानी, श्यामजीत, लालचंद, विजय, भोला यादव, पूनम माखन, नम्रता, पुष्पा दास, सीमा देवी, विमल, मधु, सुनीता चौहान, मंजू पाल आदि लघु व्यापारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।