विडियो:-उपचुनाव में यूपी की सभी सीटें जीतेगी सपा-अखिलेश यादव

Haridwar News
Spread the love

ब्यूरो


हरिद्वार, 19 नवम्बर। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दावा कि उत्तर प्रदेश उपचुनाव में सपा 9 सीटे जीतेगी। मुजफफरनगर जनपद की मीरापुर विधानसभा सीट पर हो रहे चुनाव प्रचार के लिए जा रहे अखिलेश यादव खराब मौसम के चलते कम बिजिबिलिटी के चलते जौलीग्रांट एयरपोर्ट से विमान के उड़ान नहीं भरने पर बीती रात हरिद्वार पहुंचे थे। श्रवणनाथ नगर स्थित एक होटल में ठहरे अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा 100 फीसदी उपचुनाव हार रही है।

इस दौरान अखिलेश यादव ने एक बार फिर से अग्नि वीर योजना पर हमला बोलते हुए नौजवानों से अग्निवीर योजना को स्वीकार नहीं करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना फौजी को सम्मान दिलाने वाली नही। बल्कि सम्मान छीनने वाली योजना है। अखिलेश यादव ने उत्तराखंड के नौजवानों का आह्वाहन करते हुए कहा कि अग्नि वीर जैसी योजना को स्वीकार न करें। समाजवादी पार्टी कभी भी इस योजना को स्वीकार नहीं करेगी।

फौज में जाने की तैयारी करने वाले नौजवानों को अग्नि वीर योजना के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए और इसके विरोध में मतदान करना चाहिए। जीएसटी के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि जीएसटी व्यापार को आसान करने के लिए थी। लेकिन भाजपा ने जीएसटी को ऐसा बना दिया कि आम व्यापारी इससे परेशान हो रहे हैं। भाजपा के खास लोगों को इससे ज्यादा मुनाफा हो रहा है। भाजपा की मुनाफाखोरी और चंदा वसूली की वजह से महंगाई बढ़ रही है। बटोगे तो कटोगे नारे पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा नकरात्मक राजनीति कर रही है। इस नारे का भाजपा में भी विरोध हो रहा है। कई लोगों ने इस नारे से किनारा कर लिया है। इस नारे को ठीक करने के लिए सुझाव दे रहे हैं।

जिस समय उत्तराखंड को गठन हुआ था वे भी सदन में थे। उस समय नेताजी मुलायम सिंह यादव ने उत्तराखंड के विकास के लिए विशेष पैकेज दिए जाने की मांग सदन में रखी थी। एनडी तिवारी उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने और उनके कार्यकाल में उत्तराखंड में औद्योगिक विकास हुआ। उसके बाद पंतनगर और हरिद्वार की सब इंडस्ट्री खत्म होती चली गयी और जिस लक्ष्य से उत्तराखंड को बनाया गया था कि यहां के लोगों को खुशहाली मिलेगी। उद्योग लगेंगे तो नौजवानों को नौकरी मिलेगी, करोबार बढ़ेगा।

वह लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें याद है कि जिस समय एनडी तिवारी सीएम थे तो उनका जन्म दिन मनाने हल्द्वानी आए थे। इसके बाद उन्होंने बरेली से हल्द्वानी के लिए फोन लेन सड़क दी थी। उत्तर प्रदेश के हिस्से में फोरलेन बन गई थी। लेकिन उसके आगे आज तक 4 लेन नहीं बन पाई है। जिससे नैनीताल, देहरादून, मसूरी जाने वालों की असुविधा दूर करने के लिए जितने बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत है उसे यह सरकार पूरा नहीं कर पा रही है। ट्रैफिक जाम आम बात है। धार्मिक पर्यटन के लिए ट्रेन की सुविधा बेहद जरूरी है। गंगा लगातार प्रदूषित हो रही है। भाजपा ने गंगा के नाम पर कसमें खाई।

गंगा के नाम पर जमकर प्रचार किया। लेकिन गंगा में गिरने वाले नालों को आज भी रोका नहीं जा सका है। आप बनारस जाओ तो इतनी गंदगी गंगा में दिखाई देगी। जिसकी आप कल्पना नहीं कर सकते। इस दौरान सपा प्रदेश अध्यक्ष शंभू प्रसाद नौटियाल, डा.सत्यनारायण सचान, चंद्रशेखर यादव, आशीष यादव, डा.राजेंद्र पराशर, श्रवण शंखधर, लवदत्ता आदि ने फूलमाला पहनाकर अखिलेश यादव का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *