तीन दिन से लापता युवक का शव बरामद

Haridwar News
Spread the love

तनवीर


प्रेम प्रसंग के चलते दोस्तों ने चाकू से गला काटकर की थी हत्या
तीनो आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार, 16 जनवरी। सिडकुल पुलिस ने लापता चल रहे युवक की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक के दोस्तों ने ही प्रेम प्रसंग के चलते चाकू से गला काटकर उसकी हत्या की थी। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या करने के बाद झाड़ियों में फेंका गया शव और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। सिडकुल थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मृतक विनीत सिडकुल की कंपनी में काम करता था और तीन दिन लापता था। उसके पिता बिजेंद्र पाल निवासी काकड़ा थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर ने तहरीर देकर उसकी गुमशुदगी दर्ज करायी थी।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन कर जांच पड़ताल करते हुए मृतक के दोस्त नरेंद्र से पूछताछ की गयी और सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर तीन लोगों के विनीत को मोटर साईकिल पर बैठा कर ले जाने की जानकारी सामने आयी। जांच पड़ताल के बाद विनीत को बाइक पर ले जाने वाले अंकुश पुत्र सुशील निवासी व सचिन पुत्र रामनिवास बिरालसी थाना चरथावल जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी सुभाष एनक्लेव मुंजाल ऑटो कंपनी के सामने आईपी-02 थाना सिडकुल तथा जॉनी उर्फ अनंत पुत्र जितेंद्र निवासी पुरबालियान थाना मंसूरपुर जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश हाल निवासी शिव विहार कॉलोनी निकट हेमा कंपनी आईपी-02 थाना सिडकुल को सुभाष एंक्लेव से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में उन्होंने बताया कि तीनों शराब पिलाकर चाकू से गला रेतकर विनीत की हत्या करने के बाद शव डेंसो चौक के पास झाड़ियों में फेक दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर मौके से शव बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी अंकुश एवं सचिन एक ही गांव के रहने वाले हैं तथा मिनाक्षी पॉलीमर कम्पनी सिड़कुल में काम करते हैं। सचिन, अंकुश के मकान सुभाष एंक्लेव आईपी- 2 सिडकुल में किराये पर रहता है। मृतक विनित विक्टोरिया कम्पनी में काम करता था। तीनों आपस में दोस्त थे। मृतक विनीत मुख्यतः अंकुश का दोस्त है। एक दिन अंकुश का फोन बन्द होने पर उसने मृतक विनीत के फोन से अपनी महिला मित्र को फोन किया। जिससे महिला का मोबाइल नम्बर मृतक विनीत के पास आ गया। एक दिन उसने अंकुश की महिला मित्र से बात की और उसे अपनी बातों में उलझा लिया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत लंबी होने लगी और दोनों के बीच प्रेम-संबंध हो गए।

विनीत से प्रेम संबंध होने पर महिला ने अंकुश से बात करना बंद कर दिया। अंकुश को जब इसका पता चला तो उसे विनीत को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया और सचिन व जॉनी के साथ मिलकर पार्टी करने के नाम पर उसे मोटरसाइकिल पर ले जाकर पहले खूब शराब पिलाई फिर चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर साक्ष्य छुपाने के लिए शव को झाड़ियों में फेंक दिया और मोबाइल फोन को कलियर ले जाकर तोड़कर नहर में फेक दिया। जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मनोहर सिंह भंडारी, एसआई महिपाल सैनी, एसआई इंद्र सिंह, एसआई अनिल बिष्ट, कांस्टेबल मनीष, गजेंद्र प्रसाद, अनिल कंडारी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *