तनवीर
लगाए जा चुके मीटर उतरवाकर कर्मचारियों को भगाया
हरिद्वार, 5 जून। वार्ड 22 आर्यनगर में पानी की टंकी के पास मकान मालिकों की बिना अनुमति के स्मार्ट मीटर लगाए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने हंगामा करते हुए कई घरों में लग चुके मीटर उतरवा दिए और मीटर लगा रहे कंपनी के कर्मचारियों को मौके से भगा दिया। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी व युवा नेता अमित गुप्ता ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगा रहे कंपनी के कर्मचारियों के साथ विद्युत विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं है। ऐसे में कंपनी किसके इशारे पर पहले से लगे मीटर की सील तोड़कर नए स्मार्ट मीटर लगा रही है।
बृहष्पतिवार की सवेरे जीनस कंपनी का पहचान पत्र गले में लटकाए कुछ लोग वार्ड नंबर 22 आर्यनगर में पानी की टंकी के पास बिजली के स्मार्ट मीटर लगा रहे थ।े जिसका स्थानीय निवासी मुकुल कुमार, पारस, सोनू, बेबी, रेखा, गगन, हिमांशु, चंपा देवी आदि आदि ने विरोध किया। जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेत्री दीपिका गुप्ता के अमित गुप्ता मौके पर पहुंचे। वरिष्ठा कांग्रेस नेता मनोज सैनी भी मौके पर पहंुच गए और कंपनी के कर्मचारियों से लगाए गए स्मार्ट मीटर उतरवाए और चेतावनी देते हुए भगा दिया। मनोज सैनी ने स्थानीय लोगों से अपील की कि बिना अनुमति के स्मार्ट मीटर नहीं लगाने दें।
मनोज सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए आमजनता से मनमाना बिल वसूलकर लूट खसोट करना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की जेब पर डाका डालने वाली इस नीति का कांग्रेस कार्यकर्ता डटकर विरोध करेंगे। अमित गुप्ता ने कहा कि यदि स्मार्ट मीटर लगाने हैं तो पहले भाजपा विधायक के घर और कार्यालय के अतिरिक्त महापौर और भाजपा पार्षदों के घर पर लगाएं जाएं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने का पूरे प्रदेश में भारी विरोध हो रहा है।


